Sheikhpura News : अरियरी प्रखंड की सनैया ग्राम पंचायत के देवपुरी गांव में पिछले 10 दिनों से खराब पड़े बिजली ट्रांसफार्मर के कारण नल-जल योजना पूरी तरह ठप हो गई थी. इससे करीब 280 परिवारों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा था. सबसे अधिक परेशानी महादलित और किसान परिवारों को हुई. ट्रांसफार्मर बदलने के बाद नल-जल योजना दोबारा चालू हो गई, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली.
ग्रामीणों ने सीपीआई नेताओं से लगाई गुहार
समस्या से परेशान ग्रामीणों ने गांव के उप सरपंच एवं सीपीआई नेता रामदास के नेतृत्व में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के जिला सचिव प्रभात कुमार पांडेय से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी दी. इसके बाद प्रभात कुमार पांडेय ने विद्युत विभाग के सहायक अभियंता से फोन पर बात कर खराब ट्रांसफार्मर को तत्काल बदलने की मांग की.
ट्रांसफार्मर बदलते ही शुरू हुई पेयजल आपूर्ति
ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए सहायक अभियंता ने नया ट्रांसफार्मर लगाने का निर्देश दिया. ट्रांसफार्मर बदले जाने के बाद नल-जल योजना फिर से चालू हो गई और गांव में पेयजल आपूर्ति बहाल हो गई. इससे लंबे समय से पानी की समस्या झेल रहे लोगों ने राहत महसूस की.
जिले में मूलभूत सुविधाओं की स्थिति पर उठाए सवाल
सीपीआई के राज्य कार्यकारिणी सदस्य सह जिला सचिव प्रभात कुमार पांडेय ने कहा कि केवल देवपुरी ही नहीं, बल्कि शेखपुरा जिले और बिहार के कई इलाकों में बिजली, नल-जल, सड़क, गली और नाली जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है. उन्होंने आरोप लगाया कि आम जनता बुनियादी सुविधाओं के अभाव में जीवनयापन कर रही है, जबकि सरकार घरों से 1200 रुपये टैक्स वसूलने की तैयारी कर रही है.
जनसमस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो होगा आंदोलन
प्रभात कुमार पांडेय ने चेतावनी दी कि यदि जनसमस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया और प्रस्तावित टैक्स संबंधी निर्णय वापस नहीं लिया गया, तो भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी जन आंदोलन शुरू करेगी.
बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद
इस अवसर पर रामदास, नारायण सिंह, उत्तम कुमार, राजकुमार चौधरी, गुड्डू चौधरी, रामोतार पासवान, सिया शरण महतो, लालू महतो, करू रविदास सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.
Also Read : प्रैक्टिकल परीक्षा केंद्र दूर बनाए जाने का विरोध, शेखपुरा में एबीवीपी ने प्राचार्य को सौंपा ज्ञापन
