शेखपुरा : पटना से 4 साल पहले चोरी हुई बाइक के साथ लखीसराय का युवक गिरफ्तार, वाहन जांच में खुला राज

Sheikhpura News : शेखपुरा में पुलिस ने वाहन चेकिंग अभियान के दौरान एक बड़ी सफलता हासिल की है. पटना से 4 साल पहले चोरी हुई एक बाइक के साथ लखीसराय जिले के एक युवक को गिरफ्तार किया गया है. आरोपी की पहचान मवेशी कारोबारी के रूप में हुई है.

Sheikhpura News : शेखपुरा के मेंहूस थाना पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान मेंहूस-माफो मुख्य सड़क मार्ग पर विशेष सफलता हासिल की है. पुलिस ने इस मार्ग पर एक अंतरजिला बाइक चोर गिरोह के एक सक्रिय बदमाश को चोरी की बाइक के साथ धर दबोचने में सफलता पाई है.

गिरफ्तार बाइक चोर की पहचान लखीसराय जिले के बड़हिया थाना क्षेत्र अंतर्गत मिसीकार गांव निवासी मो. हाशिम के पुत्र मो. राजू के रूप में की गई है. इस सफल वाहन चेकिंग अभियान का नेतृत्व मेंहूस थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह तथा पुलिस सब इंस्पेक्टर संजय कुमार सिंह ने संयुक्त रूप में किया.

पेट्रोल पंप के पास मिली सफलता

इस बाबत विस्तृत जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि उक्त सड़क मार्ग पर अवस्थित एक पेट्रोल पंप के निकट पुलिस बल के साथ सघन वाहन चेकिंग कर रही थी. तभी गिरफ्तार युवक चोरी की बाइक पर सवार होकर बरबीघा शहर की ओर से वहां पहुंचा. वह इस बाइक से अपने गांव लखीसराय जिला के मिसीकार लौट रहा था.

चेकिंग के दौरान पुलिस द्वारा रोके जाने और पूछताछ करने के क्रम में युवक ने पुलिस को झांसा देने का भी असफल प्रयास किया.

पटना से चोरी हुई थी बाइक

सख्ती से की गई पूछताछ के बाद उन्होंने कहा कि युवक के पास से बरामद की गई बाइक की चोरी पटना जिला के फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र से करीब 4 साल पहले हुई थी. इस बाइक चोरी की घटना के संबंध में पूर्व से ही फुलवारी शरीफ थाना में एक कांड दर्ज है.

उन्होंने कहा कि बरामद की गई इस बाइक को पुलिस ने विधिवत जब्त कर लिया है. जबकि गिरफ्तार युवक के विरुद्ध स्थानीय मेंहूस थाना में एक नई प्राथमिकी दर्ज की गई है.

मवेशी कारोबारी है आरोपी युवक

प्राथमिकी दर्ज किए जाने के बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे पुलिस निगरानी में शेखपुरा जेल भेज दिया गया है. थानाध्यक्ष ने आरोपी के संबंध में बताया कि गिरफ्तार युवक मुख्य रूप से मवेशियों की खरीद-बिक्री का कार्य किया करता है.

पुलिस उसकी इस गतिविधि की आड़ में किए जाने वाले अन्य अपराधों और उसके पुराने आपराधिक इतिहास को भी पूरी गहराई से खंगाल रही है.

Also Read : शेखपुरा में बीएससी सेमेस्टर-3 परीक्षा केंद्र के विरोध में कॉलेज बंद, छात्र संगठनों के आंदोलन के बाद परीक्षा टली


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >