बरबीघा के ऐतिहासिक पंचबदन स्थान शिव मंदिर में आज से श्रावणी महोत्सव शुरू, प्रशासन के साथ डॉक्टरों की टीम भी मुस्तैद रहेगी

बरबीघा के कुसेढ़ी गांव में 27-28 अगस्त को होने वाले दो दिवसीय श्रावणी महोत्सव के लिए तैयारियां पूरी हो चुकी हैं. जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रबंध किए हैं.

बरबीघा प्रखंड अंतर्गत कुसेढ़ी गांव स्थित ऐतिहासिक पंचबदन स्थान शिव मंदिर, परिसर में आयोजित होने वाले दो दिवसीय श्रावणी महोत्सव 27- 28 अगस्त की तैयारियां पूरी कर ली गई है. श्रावणी महोत्सव में विधि-व्यवस्था को लेकर डीएम शेखर आनंद और एसपी हिमांशु कुमार कुसेढ़ी पंचबदन स्थान परिसर में सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों के साथ संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई.

ब्रीफिंग के दौरान डीएम ने निर्देश दिया कि महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं और दर्शकों की सुरक्षा और सुविधा में कोई चूक नहीं होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए वॉटरप्रूफ पंडाल, स्वास्थ्य टीम की अनिवार्य उपस्थिति सुचारू ड्रॉप गेट का निर्माण, साफ-सफाई और पेयजल की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है. सुरक्षा के दृष्टिकोण से पूरे मेला और महोत्सव क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिसके जरिए जिला प्रशासन की हर गतिविधि पर पैनी नजर रहेगी.

श्रावणी महोत्सव का विधिवत उद्घाटन 27 अगस्त की शाम 05:00 बजे किया जाएगा. सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे 27 को दोपहर 03:00 बजे तक अपने निर्धारित स्थलों पर ससमय उपस्थित रहेंगे और स्थिति पूरी तरह सामान्य होने तक वहां मुस्तैद रहें.

कार्यक्रम की तैयारी की मीटिंग करते डीएम-एसपी व अन्य अधिकारी.

सुरक्षा व्यवस्था और वरिष्ठ पदाधिकारियों की रहेगी मौजूदगी

महोत्सव के दौरान सुरक्षा और शांति बनाए रखने के लिए मंच सुरक्षा, दर्शक,महिला दीर्घा, भीड़ नियंत्रण, ड्रॉप गेट, पार्किंग और गश्ती पर दंडाधिकारियों और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है.एसडीओ प्रियंका कुमारी और एसडीपीओ डॉ० राकेश कुमार पूरे अनुमंडल क्षेत्र में सघन गश्ती और विधि-व्यवस्था का संचालन करेंगे. एडीएम लखीन्द्र पासवान वरीय प्रभार में तथा साइबर थाना की पुलिस उपाधीक्षक सुश्री ज्योति कुमारी संपूर्ण विधि-व्यवस्था के वरीय प्रभार में रहेंगे.

चलंत चिकित्सा दल रहेगा तैनात

सिविल सर्जन को 24 घंटे डॉक्टरों की उपस्थिति के साथ-साथ एक चलंत चिकित्सा दल (एंबुलेंस) तैयार रखने का निर्देश दिया गया है.जबकि पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता को पीने के पानी का इंतजाम करने की जिम्मेदारी दी गई है. मंदिर परिसर में एक अग्निशमन वाहन हर समय तैयार स्थिति में मौजूद रहेगा. इस अवसर पर अपर समाहर्ता (जांच) समेत जिले के अन्य सभी प्रतिनियुक्त अधिकारी व पुलिस पदाधिकारी और आयोजक के सदस्यगण आदि उपस्थित थे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सतेंद्र कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >