मुहिम.ग्रामीणों को खुले में शौच नहीं जाने की शपथ दिलायी
खुला शौच भी बन रहा बांझपन का कारण
डीडीसी ने लोगों को दी अहम जानकारी
अरियरी : प्रखंड का हजरतपुर मडरौ पंचायत खुले से शौच मुक्त घोषित होने वाला शेखपुरा जिले का दूसरा पंचायत बन गया है. मंगलवार को पंचायत अंतर्गत चांदी वृदावन गांव स्थित पंचायत सरकार भवन के समक्ष आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रुप में पहुंचे डीडीसी निरंजन कुमार झा ने इस पंचायत को खुले से शौच मुक्त घोषित करते हुए वहां मौजूद तमाम ग्रामीणों को खुले में शौच नहीं जाने की शपथ दिलायी. मौके पर ग्रामीणों को संबोधित करते हुए
डीडीसी ने कहा कि खुले में शौच मुक्ति कई बीमारियों से निजात दिलाता है. अगर गांव के सभी लोग खुले में शौच जाने से तौबा कर लेते हैं तो उस गांव के लोग कई बीमारियों की चपेट में आने से ऐसे ही आसानी से बच जाएंगे. उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बीमारी किसी भी घर परिवार को तबाह कर देती है ऐसे में खुले में शौच नही जाने के प्रति सभी लोगों को जागरूक होना चाहिए. वही अधिकारियों ने कहा कि खुले में शौच महिलाओं में बांझपन का भी कारण बनता है.मौके पर डीडीसी ने इस पंचायत को खुले में शौच मुक्त बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले पंचायत के सभी वार्ड सदस्यों के साथ-साथ मुखिया प्रीति कुमारी एवं मुखिया प्रतिनिधि देवन महतो को प्रशस्ति पत्र देते हुए सम्मानित किया और उनके कार्यों की जमकर सराहना भी की. वही मौके पर मुखिया प्रीति कुमारी ने कहा कि पंचायत के तमाम लोगों के सहयोग से ही इस पंचायत को खुले से शौच मुक्त किया जा सका है और इसके प्रति अपनी जागरुकता निभाई है जो कि काबिले तारीफ है. हजरतपुर मडरौ से पहले चेवाड़ा प्रखंड का चेवाड़ा पंचायत खुले से शौच मुक्त घोषित किया गया था. आयोजित समारोह के दौरान बीडीओ परमानंद पंडित,सीओ अनुज कुमार, पीओ मो असलम, प्रखंड समन्वयक संजय कुमार, सामाजिक कार्यकर्ताओं में सुनील चंद्रवंशी ,पिंटू चंद्रवंशी ,समेत कई अन्य लोग मौजूद थे.
