शेखपुरा : भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी यानीसीपीआइ ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया. सीपीआइ सरकार द्वारा संविधान के कथित भगवाकरण को लेकर यह विरोध दर्ज कराया है. महात्मा गांधी के शहीद दिवस के अवसर पर पार्टी द्वारा संविधान बचाओ-देश बचाओ नारा के साथ संविधान में प्रदत्त अधिकारों के हनन का विरोध कर रहे थे. पार्टी जिला सचिव प्रभात कुमार पांडेय की अगुआई में सीपीआइ के सभी विंग के नेता इस पुतला दहन कार्यक्रम में शामिल थे. पार्टी नेता चंद्रभूषण प्रसाद, सीताराम मांझी, केदार राम, अशोक कुमार पांडेय सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे.
पार्टी के कार्यकर्ता इस अवसर पर जोर-जोर से सरकार विरोधी नारे भी लगा रहे थे. पुतला दहन के पूर्व पार्टी के जिला सचिव प्रभात कुमार पांडेय ने बताया कि आज गांधी की हत्या करने वाले नाथूराम गोडसे के विचारों का पोषण करने वालों के कारण पूरे देश में तनाव व्याप्त है. गांधी के विचारों पर चलने वालों को आज पूरे देश में खतरा महसूस हो रहा है. सभी सभी ओर फासीवादी शक्तियां धीरे-धीरे अपना फन बाहर कर अमन-चैन के वातावरण को दूषित करने में लगी है. परंतु सीपीआइ इस मंशा को चकनाचूर करने का मद्दा रखती है तथा पार्टी इस मंसूबे को सफल नहीं होने देगी. इसके अलावा सीपीआइ नेता ने शेखपुरा के प्रथम विधायक लोकनाथ आजाद की पुण्य तिथि भी मनायी गयी. पार्टी कार्याल्य कामरेड कार्यानंद शर्मा भवन में समारोह आयोजित कर बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण किया तथा श्रद्धांजलि अर्पित की. श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने शेखपुरा के निर्माण में स्व. आजाद की महती भूमिका की भी चर्चा की.
