संस्कार पब्लिक स्कूल में भूकंप और अग्निशमन का बच्चों को दिया प्रशिक्षण
शेखपुरा : अगलगी की घटना हो अथवा भूकंप जैसे आपदाओं में सुरक्षा के आधुनिक तकनीक से समय रहते काबू पाया जा सकता है. इसके लिए लोगों के अंदर जन जागरूकता फैलाने की आवश्यकता है.
सोमवार को शेखपुरा के सीबीएसइ मान्यता प्राप्त संस्कार पब्लिक स्कूल में अग्निशमन अधिकारियों ने बच्चों के अंदर जागरुकता के लिए मॉक ड्रिल का आयोजन किया. इस मौके पर अग्निशमन पदाधिकारी बच्चा सिंह ने बताया कि अगलगी की घटनाओं पर मुख्य रुप से तीन प्रकार के बचाव विधि से काबू पाया जा सकता है. पानी के छिडकाव से, ठंडक से,आग को ढककर अथवा आग के ढेर को तितर-बितर कर इस पर काबू पाया जा सकता है. उन्होंने कहा के व्यवसायिक प्रतिष्ठान हो अथवा संस्थान और आवासीय क्षेत्र इन स्थानों पर जरूरत के अनुसार एबीसी अग्निशमन यंत्र को रखना अनिवार्य है.
उन्होंने इस मौके पर उक्त यंत्र के इस्तेमाल की भी जानकारी बच्चों को दी. विद्यालय प्रांगण में मौजूद सैकड़ों स्कूली बच्चों को उन्होंने आग लगी कि घटना पर काबू पाने के साथ साथ भूकंप के दौरान बरते जाने वाले एहतियात की भी अहम जानकारी दी. इस आयोजन के मौके पर विभाग के कर्मी ओमप्रकाश मंटू कुमार विद्यालय के शिक्षक सुनील कुमार पांडेय जनार्दन प्रसाद विकास कुमार कविता कुमारी शालिनी कुमारी संजय कुमार व सतपाल कुमार के अलावे अन्य लोग मौजूद थे.
