Sheikhpura News : पुलिस लाइन में शुक्रवार को विशेष प्रशिक्षण शिरोमणि का आयोजन किया गया. इस दौरान प्रशिक्षण प्राप्त 22 पीटीसी पुलिस जवानों को प्रोन्नति प्राप्त होने के बाद उन्हें सहायक अवर पुलिस निरीक्षक के पद का स्टार लगाया गया. पुलिस अधीक्षक हिमांशु ने इन सभी का हौसला आफजाई करते हुए उनके कंधों पर सहायक अवर पुलिस निरीक्षक का स्टार लगाया. स्टार लगाए जाने के बाद सभी नव प्रोन्नत प्राप्त पुलिस पदाधिकारियों ने एसपी का पुलिस विधि से विधिवत सलामी देते हुए अभिनंदन किया. इस अवसर पर पुलिस लाइन में अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारी भी उपस्थित थे.
नवनियुक्त पदाधिकारियों को कर्तव्य का पाठ
इन सभी को विशेष समारोह में उनके कर्तव्यों का पाठ भी पढ़ाया गया. पुलिस के कर्तव्यों के निर्वहन में विधि व्यवस्था के संधारण के साथ-साथ आम लोगों के साथ दोस्ताना संबंध स्थापित करते हुए उनके दुख-दर्द को दूर करने को लेकर हमेशा 24 घंटे सातों दिन संवेदनशील रहने की नसीहत दी गई. बताया गया कि पुलिस की वर्दी और स्टार केवल दिखावे के लिए नहीं हैं, बल्कि यह एक विशेष प्रकार का दायित्व है, जिसका निर्वहन करने को लेकर विशेष उत्साह और मनोबल की आवश्यकता है.
विधि व्यवस्था संधारण में मिलेगी सुगमता
इस अवसर पर एसपी ने बताया कि जिले को अब 22 सहायक अवर पुलिस निरीक्षक प्राप्त हो गए हैं, जिससे जिले की विधि व्यवस्था संधारण के साथ-साथ आपराधिक मामलों के अनुसंधान में काफी सुगमता प्राप्त होगी. पुलिस लोगों के साथ दोस्ताना संबंध स्थापित करते हुए उनकी समस्याओं को दूर करने में विशेष रूप से सजग रहेगी. पुलिस बल की वृद्धि से जिले को खास लाभ मिलने की संभावना है. उन्होंने बताया कि इन सभी को आवश्यकता के अनुसार विभिन्न पुलिस के कार्यों में लगाया जाएगा. यह सभी पुलिसकर्मी दक्ष और प्रशिक्षित हैं. इन्हें सभी प्रकार के हथियार चलाने के साथ-साथ विभिन्न प्रकार के कानूनी प्रावधानों का भी बुनियादी ज्ञान प्राप्त है.
