जिला प्रशासन ने शुरू की तैयारी, एक मुख्य मार्ग के अलावा चार उपमार्ग में बनेगी शृंखला
शेखपुरा : जिले के सभी प्रखंड क्षेत्र के आबादीवाले इलाकों को जोड़कर 120 किलोमीटर लंबी मानव शृंखला 21 जनवरी को बनायी जायेगी. इसको लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं. मानव शृंखला के लिए मार्ग चिह्नित किया गया है. 120 किलोमीटर लंबी मानव शृंखला के लिए एक मुख्य मार्ग के अलावा चार उप मार्ग बनाये गये हैं. जिले के बरबीघा स्थित मिशन चौक से बरबीघा -शेखपुरा मुख्य पथ पर से सिरारी रेलवे गुमटी तक मुख्य मार्ग बनाया गया है. इसके अलावा चार उप मार्ग में बरबीघा के हटिया चौक से कोइरी बिगहा, गंगटी, पंचबदन स्थान, मेहुंस, लक्ष्मीपुर, अवगील होते हुए शेखपुरा के बुधौली पहुंचेगा.
दूसरा शेखपुरा के रामाधीन कॉलेज से कमलगढ़, चेबाड़ा, एकरामा, रजौरा, बेलखुंडी, केमरा, डीहा, फरपर, हुसैनाबाद, लोदीपुर, दल्लू मोड़, चांदनी चौक उप मार्ग तय किया गया है. तीसरा शेखपुरा के कटरा चौक से मटोखर, लोदीपुर, कोसरा, नीमी, शेखोपुरसराय डीह, सुगीया, ओनमा होते हुए बरबीघा के हटिया मोड़ तथा चौथा उप मार्ग सिरायी से चेबाड़ा तक का आठ किलोमीटर चिन्हित किया गया है. मानव शृंखला की सफलता के लिए दो सुपर जोन बनाये गये हैं. मुख्य मार्ग की जिम्मेदारी डीडीसी निरंजन कुमार झा को दी गयी है. मानव शृंखला की सफलता के लिए छह कोषांग बनाये गये हैं.
