सड़क लूट के बाद डीएम ने संबंधित विभाग के अधिकारी को दिया निर्देश
शेखपुरा : प्रभारी जिलाधिकारी निरंजन कुमार झा ने जिले के सभी सड़कों पर बनाये गये अवैध रोड ब्रेकर को हटाने का निर्देश दिया है. बरबीघा- वारसलीगंज पथ पर सामस गांव के पास सड़क लूट के बाद यह आदेश जारी किया गया है. प्रभारी डीएम ने यह आदेश राष्ट्रीय राज मार्ग प्राधिकार, पथ निर्माण तथा ग्रामीण कार्य विभाग को दिया है. जिला प्रशासन ने इस संबंध में सभी को महज चार दिनों का समय दिया है. रोड पर लगाये गये अवैध ब्रेकर को हटाने का विरोध करने वाले से निबटने के लिए स्थानीय पुलिस की मदद भी लेने को कहा गया है.
जिले में राष्ट्रीय राज मार्ग के अलावा पथ निर्माण व ग्रामीण कार्य विभाग की सड़कें हैं.
इन सड़कों पर सभी जगह अनावश्यक रूप से ब्रेकर लगाये गये हैं. ब्रेकर के रूप में अधिकांश जगहों पर बिजली के खंभे को ही डाल दिया गया है. इस संबंध में डीएम ने बताया कि सभी संबंधित अधिकारियों को यह काम प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करने को कहा गया है. सड़क पर अवरोध हटाने में बाधा उत्पन्न करने वालों तत्वों के साथ सख्ती से निबटने का भी अधिकार दिया गया है. बताया जाता है कि कल देर रात बरबीघा थाना क्षेत्र के सामस गांव के पास भीषण रोड रोबरी के पीछे इसी स्पीड ब्रेकर को कारण माना जा रहा है. रोड ब्रेकर पर वाहन की गति लगभग धीमी रहने के कारण रात में घर लौट रहे कारोबारी इसकी चपेट में आ गये. दूसरी ओर अभी मौसम के बदले मियाज और घना कुहासा के कारण भी सड़क पर स्पीड ब्रेकर बड़ा अवरोधक बन रहा है. इस संबंध में पुलिस ने भी अपनी कार्रवाई तेज कर दी है. घने कुहासे के कारण अवरोध असुविधा पैदा करने पर कार्रवाई करने की रुपरेखा बनायी है. पुलिस के अनुसार इस दौरान पुलिस गश्ती को चुस्त करने का निर्देश दिया गया है. खासकर कोहरे के समय देर रात की गश्ती को दुरुस्त करने का निर्देश सभी थानाध्यक्ष व ओपी प्रभारी को दिया गया.
