शेखपुरा : जिले में पुलिसिया मनमानी के खिलाफ जहां रालोसपा ने मोर्चा खोल दिया है, वहीं दूसरी ओर हुसैनाबाद पंचायत के मुखिया आलोक कुमार की गिरफ्तारी को लेकर ग्रामीणों ने भी धरना देने का एलान किया है. अरियरी के कसार ओपी अंतर्गत करीमाबीघा गांव से 16 वर्षीय मल्हू कुमार के अपहरण में ग्रामीणों को साजिश के तहत फंसाने में पुलिसिया मनमानी के खिलाफ जहां रालोसपा ने 18 सितंबर को समाहरणालय के समक्ष धरने का एलान किया है.
वहीं मुखिया की गिरफ्तारी को लेकर हुसैनाबाद पंचायत के लोग भी 19 सितंबर को समाहरणालय के समक्ष धरना देंगे. इसकी जानकारी देते हुए लोजपा नेता देवेंद्र कुशवाहा ने कहा कि कसार पुलिस स्थानीय दबंगों के मेल में आकर पैसे के लेनदेन के मामूली विवाद को अपहरण का रूप दे दिया और निर्दोष युवाओं को फंसाने का काम किया है. वहीं इस मामले में पुलिस की भूमिका की उच्चस्तरीय जांच करा कर आरोपित अधिकारियों एवं षड्यंत्रकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग को लेकर धरने का आयोजन किया जा रहा है.
वहीं हुसैनाबाद कांड में पीड़ित पूर्व पैक्स अध्यक्ष दिनेश कुमार ने कहा कि मनरेगा घोटाले और जानलेवा हमले के आरोपित मुखिया की गिरफ्तारी नहीं कर शेखपुरा पुलिस दोनों ही मामले में आरोपियों को सीधा-सीधा मदद पहुंचाने की साजिश कर रही है. पिछले एक सितंबर को जानलेवा हमले की तीसरी घटना को अंजाम देने वाले आरोपित मुखिया आलोक कुमार की गिरफ्तारी को लेकर एसपी ने स्वयं ही एक सप्ताह का समय मांगा था, लेकिन इस मामले में न तो आरोपित की गिरफ्तारी हो सकी और न ही जिम्मेदार थानेदार के विरुद्ध कोई कार्रवाई हो सके.
