शेखोपुरसराय : जिला जल एवं स्वच्छता अभियान के माध्यम से लोगों में जागरूकता लाने के लिए प्रखंड के नीमी गांव के कन्या मध्य विद्यालय में नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया. नुक्कड़ नाटक के जरिये कलाकारों ने समाज में घर की इज्जत शौचालय और उसके महत्व को बताया.
शौचालय के अभाव में खुले में शौच करने से होने वाली बीमारियों के बारे में जानकारी दी. कलाकार के लीडर शंकर कुमार, मिथुन कुमार, उमेश राम, मोनी कुमारी, किरण कुमारी ने वहां उपस्थित लोगों को नुक्कड़ नाटक द्वारा यह बताया की घर की इज्जत शौचालय से और साफ-सफाई से, रोगों से बचने की क्षमता रहती है. इस दौरान उन्होंने बताया कि एक ग्राम मानव मल में एक करोड़ वाइरस, एक लाख बैक्टीरिया, सौ पैरा साइड मौजूद रहता है. जिससे की अनेक बीमारी पनपती है.
अगर मानव शौचालय का इस्तेमाल न कर खुले में शौच जाता है, तो मानव मल पर बैठ कर मक्खी भोजन पर बैठती है और हैजा, डायरिया जैसी जानलेवा बीमारी होने का भय बना रहता है. नुक्कड़ नाटक में यह भी बताया गया कि अपने घर, समाज को कैसे अनेकों प्रकार की बीमारी से बचाया जा सकता है. इस मौके पर जिला परिषद अध्यक्षता निर्मला कुमारी, संजीव मुखिया, बीडीओ सुधीर कुमार, जिला को-आॅर्डिनेटर, प्रखंड को-आॅर्डिनेटर, कन्या मध्य विद्यालय के शिक्षिका, छात्राएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे.
