शराब कारोबारियों पर हो सख्त कार्रवाई: डीएम
बिहारशरीफ : शराब कारोबारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई हो तथा सूचना संकलन की व्यवस्था को भी मजबूत करें. यह सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है. इसमें किसी किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. हरदेव भवन में आयोजित क्राइम मीटिंग में जिलाधिकारी डॉक्टर त्यागराजन एस एम ने सभी थानाध्यक्षों को उक्त निर्देश दिये. उन्होंने […]
बिहारशरीफ : शराब कारोबारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई हो तथा सूचना संकलन की व्यवस्था को भी मजबूत करें. यह सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है. इसमें किसी किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. हरदेव भवन में आयोजित क्राइम मीटिंग में जिलाधिकारी डॉक्टर त्यागराजन एस एम ने सभी थानाध्यक्षों को उक्त निर्देश दिये.
उन्होंने ने कहा कि जिस परिसर से शराब की बरामदगी की जाती है उसे सीज करने में भी कहीं से कोताही नहीं बरतनी चाहिए एवं उस परिसर के मालिक पर भी प्राथमिकी दर्ज करें. उन्होंने सभी थाना प्रभारियों से कहा कि उत्पाद अधिनियम के प्रावधानों का बारीकी से अध्ययन करें व उसके अनुरुप कार्य करें. शराब के आदतन कारोबारियों पर नजर रखें एवं उन पर विशेष रूप से सख्त कार्रवाई की जाये.
अवैध बालू खनन पर विशेष हिदायत
जिलाधिकारी ने बालू के अवैध खनन पर भी सजग होकर नजर रखने को कहा. उन्होंने कहा कि बरसात के बाद अवैध उत्खनन के मामले बढ़ सकते हैं, इसलिए अभी से कार्रवाई के लिए तैयार रहें. उन्होंने उपस्थित लोक अभियोजकों से कहा कि शराब एवं बालू से संबंधित अवैध कारोबारियों को बेल नहीं मिले,इसके लिये मजबूती से न्यायालय में पक्ष रखें. नये उत्पाद अधिनियम व अवैध उत्खनन से संबंधित कानूनी प्रावधानों की पूरी जानकारी के लिए सभी थानाध्यक्षों एवं संबंधित पदाधिकारियों का एक -एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित करने का निर्देश दिया गया.
जिला खनन पदाधिकारी रविंदर राम ने बताया कि वर्तमान में जिले के नौ स्थानों पर पूर्व से जमा किये गये बालू के हिसाब से ऑनलाइन रसीद निर्गत करते हुए बालू का उठाव किये जाने की अनुमति सरकार द्वारा दी गयी है. इसके अलावा कहीं से भी बालू का उठाव नहीं किया जा सकता है.डिफॉल्टर मिलरों पर भी शिकंजा कसने की तैयारी की जा रही है. सात मिलरों पर वारंट निर्गत किये गये हैं इन्हें एक्सक्यूजट कराने का निर्देश सभी थानाध्यक्षों को दिया गया.
पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार पोरिका ने थानाध्यक्षों से कहा की जिलाधिकारी के द्वारा जिन बिंदुओं को उठाया गया है. उन पर त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करें. पुलिस विभाग की विस्तृत समीक्षा में पुलिस अधीक्षक ने सभी थानाध्यक्षों को हमेशा चौकस रहकर काम करने के निर्देश दिये. उन्होंने सख्त निर्देश दिया कि पूरे जिले में क्राइम व सभी तरह की अपराधिक एवं अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करें. बैठक में पुलिस उपाधीक्षक विजय कुमार सिंह, प्रवेंद्र भारती, संजय कुमार इमरान परवेज, निशित प्रिया,वरीय उपसमाहर्ता रामबाबू, जिला खनन पदाधिकारी रविंदर राम, वरीय उपसमाहर्ता बृजेश कुमार समेत सभी थाना अध्यक्ष व अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.