26 वार्डों में से 14 पर जमाया कब्जा, कई रिकॉर्ड टूटे तो कई रिकॉर्ड बने
बरबीघा (शेखपुरा) : बरबीघा नगर पर्षद के चुनाव का परिणाम आते ही तमाम कयासों पर पूर्ण विराम लग गया. जिला मतगणना केंद्र में प्रशासनिक चाक-चौबंद व्यवस्था के बीच सीलबंद इवीएम खोली गयीं. नगर पंचायत के 23 वार्डों की जगह नगर पर्षद के 26 वार्डों के लिए चुनावी दंगल में उतरे 115 प्रत्याशियों में 58 महिलाओं की भागीदारी जहां एक रेकॉर्ड बन चुकी थी, वहीं घोषित परिणाम में 26 में 14 स्थानों पर कब्जा जमाकर महिला प्रत्याशियों ने अपना दबदबा बनाये रखा. नगर पंचायत के दो बार उपाध्यक्ष की कुर्सी संभाल चुके रोशन कुमार ने वार्ड नंबर 17 से तो उनकी पत्नी स्मिता कुमारी उर्फ ब्यूटी कुमारी ने पहली बार वार्ड नंबर 18 से विजय हासिल की. वार्ड नंबर पांच से वंदना कुमारी सर्वाधिक 696 मत लाकर अपने
बरबीघा नगर पर्षद में…
निकटतम प्रत्याशी प्रिया राय को सर्वाधिक 494 मतों के अंतर से हराने का रेकॉर्ड बनाया. वार्ड नंबर 15 से मात्र 172 मत प्राप्त करने वाले अजहर अहमद भी अपने निकटवर्ती 71 मत लाने वाले आलोक पासवान को पछाड़ कर जीतने में कामयाब रहे. तीसरी बार किस्मत आजमा रहे वार्ड नंबर दो के प्रत्याशी दयानंद मालाकार विजयी हुए, तो उनकी पत्नी वार्ड नंबर तीन से हार गयीं. नगर पंचायत के अध्यक्ष की कुर्सी संभाल चुके विपिन चौधरी वार्ड नंबर 21 से 153 मतों से जीते. वहीं उसी वार्ड से उनका भतीजा मंटू चौधरी मात्र 24 वोट प्राप्त कर सका. प्रत्यक्ष एवं परोक्ष रूप से कई राजनीतिक धुरंधरों ने चुनाव में जोर आजमाइश की. दयानंद मालाकार, अन्नपूर्णा देवी, पूनम देवी, रोशन कुमार, प्रेम रंजन कुमार जैसे पांच से अधिक प्रत्याशियों ने जहां जीत की हैट्रिक लगाकर नगर पर्षद में प्रवेश पाया. वहीं आधा दर्जन से अधिक नये चेहरों ने जीत हासिल की.
