गिरफ्तारी के भय से फरार है प्रबंधक
शेखपुरा : सरकारी राशि गबन के आरोपित बरबीघा रेफरल अस्पताल में पदस्थापित अस्पताल प्रबंधक सरोज कुमार गिरफ्तारी के भय से फरार हो गये हैं. हालांकि मामला डीएम के पास आते ही अस्पताल प्रबंधक को बरखास्त करने का आदेश दिया था. लेकिन जिला के स्वास्थ्य महकमा डीएम के आदेश को नजरअंदाज किया जा रहा है.
दरअसल, पहले यह प्रबंधक भभुआ जिला में पदस्थापित थे. वहीं वर्ष 2009 से लेकर 2013 की अवधि में परिवार कल्याण योजना में बड़ी रकम का घोटाला किया गया. मामला निगरानी में जाने के बाद गबन का मामला सत्य पाये जाने पर इस अस्पताल प्रबंधक पर गबन का मामला दर्ज किया गया. भभुआ डीएम के द्वारा इस अस्पताल प्रबंधक को पद से भी बर्खास्त कर दिया गया, पर अस्पताल प्रबंधक ने स्थानीय जिला स्वास्थ्य महकमा से घालमेल कर फरारी में ही बरबीघा अस्पताल में नौकरी कर ली.
अब जब निगरानी की टीम इस आरोपित अस्पताल प्रबंधक की गिरफ्तारी के लिए शेखपुरा पहुंची. तब इस मामले का भंडाफोड़ हो गया. फिलहाल आरोपित फरार हो गये़ कार्रवाई की बात पूछे जाने पर सीएस डॉ. मृगेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि गबन का मामला संज्ञान में आने के बाद अस्पताल प्रबंधक को नोटिस दिया गया है. नोटिस का जवाब अभी तक नहीं दिया गया है. सीएस ने कहा कि बरखास्तगी के लिए डीएम के पास फाइल बढ़ाई जायेगी. गौरतलब है कि डीएम के द्वारा आठ जुलाई को ही बरखास्त करने का आदेश दिया गया था, पर अब तक इस अस्पताल प्रबंधक पर कार्रवाई नहीं की गयी.
