शेखपुरा : बरबीघा नगर परिषद् के लिए बुधवार को 22 और नामांकन पत्र जमा किये गये. नामांकन का कार्य जिला मुख्यालय स्थित डीसीएलआर कार्यालय में किया जा रहा है. पांच जुलाई से लेकर अभी तक 100 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र भरा है.
नामांकन पत्र जमा करने की अंतिम तारीख गुरुवार 13 जुलाई है. 14 व 15 जुलाई को नामांकन पत्रों की जांच की जायेगी तथा 17 को नाम वापसी की अंतिम तारीख है. बरबीघा नगर परिषद् के 26 वार्ड क्षेत्र में 06 अगस्त को मतदान किया जायेगा तथा 08 अगस्त को मतगणना का काम किया जायेगा. नामांकन के साथ ही नगर क्षेत्र में राजनीतिक तापमान सातवें स्थान पर पहुंच गया है. निर्वाची पदाधिकारी सह डीसीएलआर मो. युनूस अंसारी ने बताया कि नामांकन पत्र जमा करने वालों में महिलाओं की संख्या ज्यादा देखी जा रही है. वार्ड संख्या एक से सुनैना देवी, वार्ड नंबर चार से पूजा कुमारी तथा अलमोला देवी ने नामांकन पत्र जमा किया है.
उसी प्रकार 18 नंबर वार्ड से बिहारी कुमार तथा जयपाल कुमार, 21 नंबर वार्ड से आशीष रंजन सिंह, 22 नंबर वार्ड से संजय कुमार तथा विपिन, 19 नंबर वार्ड से चंचल पासवान तथा सनोज कुमार, 14 नंबर से अशोक प्रसाद यादव, 26 नंबर वार्ड से रूस्ता देवी तथा ब्यूटी कुमारी, 22 नंबर वार्ड से मुकेश पासवान, 14 नंबर वार्ड से दयानंद प्रसाद तथा सुरेश प्रसाद, 07 नंबर वार्ड से अन्नपूर्णा देवी तथा 19 नंबर वार्ड से रामकिशन ने नामांकन पत्र भरा है. उधर नामांकन करने को लेकर प्रत्याशी में आपाधापी देखी जा रही है.
नगर क्षेत्र के वार्ड पार्षद की कुरसी पाने के लिए भाई भी भाई के खिलाफ नामांकन कर रहे हैं. कई वार्ड क्षेत्र के आरक्षण के कारण उम्मीदवार अपने पसंद के दूसरे वार्ड से भी नामांकन पत्र भर कर चुनाव में किस्मत आजमाने की तैयारी कर रहे हैं.
