शेखपुरा : विधि व्यवस्था के लिए बुलायी गयी बैठक में जिलाधिकारी व एसपी ने क्रमशः अंचलाधिकारी व थानेदार पर भड़क गये. भूमि विवाद को निबटाने के लिए प्रत्येक शनिवार को दोनों को संयुक्त शिविर लगाने को कहा है. बैठक में अतिक्रमण से मुक्त भूमि पर फिर से अतिक्रमणकारियों का कब्जा पर नाराजगी जताते हुए सभी थानाध्यक्ष को इसके लिए जिम्मेवार ठहराया गया. पुनः अतिक्रमण होने पर उस पर कार्रवाई की चेतावनी दी गयी. जिलाधिकारी दिनेश कुमार तथा एसपी राजेंद्र कुमार भील ने संयुक्त रूप से जिला के विधि व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे. समीक्षा बैठक में डीडीसी निरंजन कुमार झा, एडीएम जवाहर लाल सिन्हा, एसडीओ ज्ञान प्रकाश सहित सभी अंचलाधिकारी, थानाध्यक्ष तथा नगर पर्षद के कार्यपालक पदाधिकारी मौजूद थे.
बैठक के बारे में आधिकारिक सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर क्षेत्र में टेंपो के परिचालन से उत्पन्न जाम की स्थिति को भी विधि व्यवस्था के लिए खतरा बताया गया. बरबीघा तथा शेखपुरा नगर परिषद् के कार्यपालक पदाधिकारी को इस मामले में कार्रवाई करने को कहा गया. जिलाधिकारी ने इस मामले में जिला परिवहन पदाधिकारी को भी उचित कार्रवाई करने को कहा.
