Sheohar News: NEET पेपर लीक के विरोध में चल रहे छात्र आंदोलन की गूंज शुक्रवार को शिवहर भी पहुंच गई. शहर के जीरोमाइल चौक पर बड़ी संख्या में छात्रों ने प्रदर्शन किया और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए नारेबाजी की.
प्रदर्शन के दौरान मौके पर कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जिसके बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी.
पुलिस ने संभाला मोर्चा
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह स्वयं सुरक्षा उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचे और पुलिस बल की निगरानी की.
मौके पर एसडीएम डॉ. अनंत कुमार, एसडीपीओ अनुशील कुमार, यातायात डीएसपी भाई भरत कुमार, साइबर डीएसपी इशानी सिन्हा, नगर थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा सहित बड़ी संख्या में महिला और पुरुष पुलिसकर्मी तैनात रहे.
पुलिस के अनुसार, भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाया गया और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की कार्रवाई की गई.
प्रदर्शनकारियों ने लगाए नारे
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने "लोकतंत्र बचाओ" और "तानाशाही नहीं चलेगी" जैसे नारे लगाए.
प्रदर्शन में शामिल छात्रों ने मांग की कि छात्रों पर हुई कार्रवाई की निष्पक्ष जांच हो और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए.
संभावित विरोध-प्रदर्शन को लेकर पहले ही हुई थी ब्रीफिंग
इसी बीच संभावित विरोध-प्रदर्शनों को देखते हुए शुक्रवार को एसपी शैलेंद्र सिंह ने जिले के संवेदनशील स्थानों पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की ब्रीफिंग भी की.
उन्होंने सभी अधिकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, संयम और सतर्कता के साथ ड्यूटी करने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से विधिसम्मत तरीके से निपटने के निर्देश दिए.
अफवाहों पर नजर रखने का निर्देश
एसपी ने पुलिस अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने, अफवाहों पर लगातार निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
फिलहाल जिले में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है और प्रमुख स्थानों पर पुलिस की निगरानी जारी है.
