शिवहर के छतौनी धाम में ऐतिहासिक धार्मिक अनुष्ठान! 436 दिनों तक चलेगा अखंड हरिनाम संकीर्तन, श्रीराम कथा शुरू

शिवहर के प्रसिद्ध श्री राम जानकी मंदिर, छतौनी धाम में दो दिवसीय श्रीराम कथा का शुभारंभ हो गया है. इसके साथ ही 21 सितंबर से 436 दिनों तक चलने वाले ऐतिहासिक अखंड हरिनाम संकीर्तन महायज्ञ की भी शुरुआत होगी.

शिवहर: तरियानीप्रखंड क्षेत्र के प्रसिद्ध ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल श्री राम जानकी मंदिर, श्री छतौनी धाम परिसर में शनिवार को विधिवत दीप प्रज्वलित कर दो दिवसीय भव्य श्रीराम कथा का शुभारंभ किया गया. दीप प्रज्वलन संयुक्त रूप से भरत प्रसाद सिंह, प्रो. हरिश्चंद्र कुमार सिन्हा, डॉ. लाल बाबू सिंह, संत प्रेममूर्ति जी एवं कैप्टन कौशलेंद्र कुमार सिंह द्वारा संपन्न हुआ. श्रीराम कथा के शुरू होते ही पूरा धाम परिसर भक्ति रस और श्रद्धा के वातावरण में सराबोर हो गया. चारों दिशाओं से आ रहे हरिनाम संकीर्तन और प्रभु श्रीराम के गगनभेदी जयकारों से समूचा इलाका गुंजायमान रहा, जहां बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु भावविभोर होकर अमृतमयी कथा का श्रवण करते नजर आए.

आचार्य गोपाल जी दास कर रहे हैं कथा वाचन, उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

कथा वाचक आचार्य गोपाल जी दास महाराज

धार्मिक अनुष्ठान के अंतर्गत 19 एवं 20 सितंबर 2026 को दो दिवसीय श्रीराम कथा का आयोजन किया जा रहा है. प्रख्यात कथा वाचक आचार्य गोपाल जी दास महाराज द्वारा प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से श्रद्धालुओं को कथा का रसपान कराया जा रहा है. कार्यक्रम के दौरान पूज्य सद्गुरुदेव श्री काश्मीरी बाबाजी एवं श्री प्रेमभिक्षु जी महाराज के पावन आशीर्वाद एवं आध्यात्मिक मार्गदर्शन का विशेष रूप से उल्लेख किया गया, जिसके सान्निध्य में यह आयोजन संपन्न हो रहा है.

21 सितंबर से 30 नवंबर 2027 तक चलेगा 436 दिवसीय संकीर्तन महायज्ञ

दो दिवसीय श्रीराम कथा के विश्राम के उपरांत 21 सितंबर 2026 से श्री छतौनी धाम में ऐतिहासिक एवं दिव्य 436 दिवसीय अखंड हरिनाम संकीर्तन महायज्ञ का विधिवत शुभारंभ होगा. यह विराट संकीर्तन महायज्ञ 30 नवंबर 2027 तक अनवरत चलेगा. इस दीर्घकालिक धार्मिक अनुष्ठान के दौरान चौबीसों घंटे चलने वाले हरिनाम संकीर्तन के साथ-साथ समय-समय पर विभिन्न धार्मिक, वैदिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इतने लंबे समय तक चलने वाले अनुष्ठान को लेकर संपूर्ण जिले और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं के बीच अपार उत्साह देखा जा रहा है.

सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार और आत्मिक शांति का उद्देश्य

आयोजकों के अनुसार, इस विराट महायज्ञ का मूल उद्देश्य संपूर्ण क्षेत्र में आध्यात्मिक व सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना, जनमानस को सनातन धर्म की समृद्ध परंपराओं व भक्ति मार्ग से जोड़ना तथा निरंतर प्रभु नाम का जप सुनिश्चित करना है. निवेदक प्रेम परिवार एवं श्री पावन छतौनी धाम परिवार ने समस्त धर्मप्रेमी जनता से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में सपरिवार उपस्थित होकर श्रीराम कथा एवं 436 दिवसीय अखंड हरिनाम संकीर्तन महायज्ञ में भाग लें तथा पुण्य के भागी बनें.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Madhurendra kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >