शिवहर के पुरनहिया से मनीष नंदन सिंह की रिपोर्ट
Sheohar Samod murder case: शिवहर जिले के चर्चित समोद हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. प्रखंड प्रमुख के छोटे भाई समोद की हत्या मामले में पुलिस ने तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
एसपी शुभांक मिश्रा ने प्रेस वार्ता कर बताया कि घटना के उद्भेदन के लिए विशेष अनुसंधान दल का गठन किया गया था. टीम ने तकनीकी और मानवीय अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई करते हुए हत्या में शामिल तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है.
पूर्व नियोजित साजिश में हुई हत्या
एसपी ने बताया कि जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि समोद की हत्या पूर्व नियोजित आपराधिक साजिश के तहत की गई थी.
पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल, वैज्ञानिक साक्ष्य और गुप्त सूचनाओं के आधार पर लगातार छापेमारी की. संदिग्धों से पूछताछ के बाद मामले का खुलासा हुआ.
तीन आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में बसंत जगजीवन निवासी निरंजन कुमार, चंडीहा निवासी शिवम कुमार और सुप्पी थाना क्षेत्र के मरपा ईश्वर दास निवासी रामकुमार सिंह शामिल हैं.
पुलिस के अनुसार सभी गिरफ्तार अपराधियों का आपराधिक इतिहास रहा है, जिसका सत्यापन किया जा रहा है.
हथियार और बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी कट्टा, चार जिंदा कारतूस, घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं.
एसपी ने बताया कि इस हत्याकांड में शामिल अन्य अपराधियों की पहचान भी कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है.
20 मई को हुई थी हत्या
गौरतलब है कि बसंत बाजार से बखार चंडीहा जाने वाले मार्ग पर अज्ञात अपराधियों ने समोद को गोली मार दी थी, जिससे उसकी मौत हो गई थी.
मामले में पुरनहिया थाना कांड संख्या 89/2026 अज्ञात अपराधियों के खिलाफ दर्ज किया गया था. घटना के बाद इलाके में काफी तनाव का माहौल बन गया था.
प्रेस वार्ता के दौरान अनुशील कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर, पुरनहिया और पिपराही थाना प्रभारी सहित कई पुलिस अधिकारी मौजूद थे.
