PM Vishwakarma Yojana Sheohar: शिवहर में गुरुवार को दो अहम सरकारी कार्यक्रमों का आयोजन हुआ. एक ओर पीएम विश्वकर्मा योजना के लाभार्थियों को आधुनिक तकनीक और स्वरोजगार से जुड़ी जानकारी दी गई, वहीं दूसरी ओर जिला समन्वय समिति की बैठक में डीएम प्रतिभा रानी ने विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए कई विभागों को सख्त निर्देश दिए.
पीएम विश्वकर्मा योजना पर कारीगरों को दी गई नई जानकारी
बड़ौदा स्वरोजगार संस्थान (आरसेटी) में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विकास एवं सुविधा कार्यालय (एमएसएमई-डीएफओ), मुजफ्फरपुर की ओर से पीएम विश्वकर्मा योजना पर एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया.
कार्यक्रम का उद्देश्य लाभार्थियों और पारंपरिक कारीगरों को योजना के प्रावधानों, डिजिटल तकनीक, ब्रांडिंग, विपणन, निर्यात संवर्धन और एमएसएमई की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देना था.
कार्यक्रम में जिला उद्योग केंद्र (डीआईसी) के महाप्रबंधक भीमसैन, बैंक ऑफ बड़ौदा, ग्रामीण बैंक और अन्य बैंकों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया. उन्होंने प्रतिभागियों को बैंकिंग सहायता और वित्तीय सुविधाओं से जुड़ी जानकारी दी.
एआई, ब्रांडिंग और क्यूआर कोड पर विशेष सत्र
तकनीकी सत्र में शितांशु और के.पी. सिंह ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), आधुनिक तकनीक, डिजिटल मार्केटिंग और निर्यात की संभावनाओं पर विस्तार से जानकारी दी.
कार्यक्रम में कारीगरों के लिए क्यूआर कोड तैयार करने, ब्रांडिंग और ऑनलाइन बाजार से जुड़ने जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई, ताकि उनके उत्पादों को बेहतर बाजार मिल सके.
समापन सत्र में विशेषज्ञों और लाभार्थियों के बीच संवाद हुआ, जिसमें व्यवसाय के विस्तार और सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया.
डीएम ने विकास कार्यों की समीक्षा की
उधर, डीएम प्रतिभा रानी की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित हुई. बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए.
सड़क और भवन निर्माण कार्यों पर जोर
बैठक में आरसीडी के सड़क मेंटेनेंस कार्यों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और इस माह कार्य पूरा होने की उम्मीद है. डीएम ने साइन बोर्ड लगाने और निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए.
इसके अलावा लालागढ़-फतहपुर सड़क, डुमरी कटसरी में प्रखंड सह अंचल कार्यालय एवं आवासीय भवन, बीएमएसआईसीएल के तहत एमसीएच भवन और जीएनएम कॉलेज निर्माण की भी समीक्षा की गई.
डीएम ने एमसीएच भवन का निर्माण नवंबर 2026 तक पूरा करने और श्रम भवन का कार्य 15 अगस्त तक पूरा कर विभाग को हस्तांतरित करने का निर्देश दिया. अटल कला भवन के निर्माण कार्य की भी समीक्षा की गई.
बुडको के धीमे काम पर जताई नाराजगी
नगर क्षेत्र में बुडको द्वारा कराए जा रहे नाली निर्माण की धीमी प्रगति पर डीएम ने नाराजगी जताई और कार्य पूरा करने के लिए 10 अगस्त तक की समय सीमा तय की.
उन्होंने पंचायत सरकार भवनों का लंबित हस्तांतरण शीघ्र पूरा करने और पीएम कुसुम योजना के तहत सोलर स्ट्रीट लाइट की स्थिति की समीक्षा भी की.
बंद चापाकल और नलकूप जल्द होंगे चालू
डीएम ने पीएचईडी और शिक्षा विभाग को निर्देश दिया कि विद्यालयों में बंद पड़े चापाकल और सबमर्सिबल मोटरों को जल्द चालू कराया जाए.
लघु सिंचाई योजनाओं की समीक्षा के दौरान कार्यों की प्रगति असंतोषजनक मिलने पर शिवहर, तरियानी और डुमरी प्रखंडों में लंबित नलकूपों के उपयोगिता प्रमाण पत्र का जल्द निष्पादन करने का निर्देश दिया गया.
बैठक में नलकूपों की विद्युत आपूर्ति और क्षति के आकलन से जुड़े लंबित प्रतिवेदन भी शीघ्र उपलब्ध कराने को कहा गया. डीएम ने सभी विभागों को निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने और नियमित प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए.
