Sheohar News: शिवहर जिला मुख्यालय स्थित एडीआर भवन में शुक्रवार को स्थायी लोक अदालत का आयोजन किया गया. जुलाई माह के दौरान आयोजित आठ बैठकों में कुल 375 मामलों की सुनवाई की गई, जबकि 22 मामलों का आपसी सहमति के आधार पर सफलतापूर्वक निपटारा किया गया.
स्थायी लोक अदालत का उद्देश्य लोगों को कम समय और कम खर्च में न्याय उपलब्ध कराना है.
हर सप्ताह गुरुवार और शुक्रवार को होती है बैठक
स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष अंजनी कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि इसकी बैठक प्रत्येक माह के हर सप्ताह गुरुवार और शुक्रवार को एडीआर भवन में आयोजित की जाती है.
इन बैठकों में विशेष रूप से बिजली, जलापूर्ति, परिवहन, डाक, दूरसंचार तथा अन्य लोक उपयोगिता सेवाओं से जुड़े विवादों का सौहार्दपूर्ण और त्वरित समाधान कराया जाता है.
समझौते से मिलता है त्वरित न्याय
अध्यक्ष अंजनी कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि स्थायी लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य लोगों को लंबी न्यायिक प्रक्रिया से राहत दिलाना है.
उन्होंने बताया कि यहां दोनों पक्षों की सहमति से विवादों का समाधान कराया जाता है, जिससे समय और धन की बचत होती है तथा वर्षों तक चलने वाले मुकदमों से भी राहत मिलती है.
लोगों से की लोक अदालत का लाभ उठाने की अपील
उन्होंने आम लोगों से अपील की कि लोक उपयोगिता सेवाओं से संबंधित किसी भी विवाद की स्थिति में लंबी कानूनी प्रक्रिया अपनाने के बजाय स्थायी लोक अदालत का लाभ उठाएं.
उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से विवादों का स्थायी, सरल और संतोषजनक समाधान संभव हो पाता है.
बैठक में सदस्य प्रिय रंजन, विद्युत विभाग के प्रतिनिधि भारत भूषण कुमार, सहायक आलोक कुमार सहित कई फरियादी भी उपस्थित रहे.
