कांवरिया जत्था अरेराज: शिवहर जिले के तरियानी प्रखंड अंतर्गत हिरम्मा थाना क्षेत्र के माधोपुर छाता से रविवार को बाबा सोमेश्वरनाथ धाम, अरेराज के लिए कांवरियों का विशाल जत्था रवाना हुआ. अनंत चतुर्दशी के पावन अवसर पर हर वर्ष की परंपरा के अनुसार इस बार भी सैकड़ों श्रद्धालु पैदल यात्रा कर अरेराज स्थित ऐतिहासिक मंदिर में जलाभिषेक करेंगे.
बोल बंम और भक्ति गीतों के साथ झुमते रवाना हुये शिवभक्त
कांवरियों का यह जत्था माधोपुर छाता से प्रस्थान कर रेवासी, रामपुर खास, हिरम्मा और हिरौता दुम्मा होते हुए अरेराज मार्ग पर आगे बढ़ा. यात्रा के दौरान शिवभक्त बोल बम और राम नाम के जयकारों के साथ भक्ति गीतों पर झूमते-गाते पूरे उत्साह में नजर आए. जत्थे को विदा करने और दर्शन के लिए मार्गों पर ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी.
प्रशासन ने किए सुरक्षा व सुविधा के पुख्ता इंतजाम
कांवरियों की सुरक्षा और सुगम यात्रा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क दिखा:
- निगरानी दल: अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) डॉ. अनंत कुमार और प्रभारी एसडीपीओ ईशानी सिंह ने मौके पर पहुंचकर विधि-व्यवस्था का जायजा लिया.
- अधिकारियों की तैनाती: बीडीओ प्रभात रंजन, सीओ रोहन रंजन तथा हिरम्मा थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ लगातार रूट पर निगरानी कर रहे हैं.
- सुरक्षा प्रबंध: प्रभारी एसडीपीओ ने बताया कि पूरे यात्रा मार्ग में जगह-जगह दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की गई है. पुलिस गश्ती टीम लगातार जत्थे के साथ चल रही है.
स्थानीय प्रतिनिधियों ने की व्यवस्था की सराहना
माधोपुर छाता पंचायत के मुखिया नीरज कुमार सिंह और अठकोनी पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि नथुनी राय ने प्रशासनिक सतर्कता की सराहना की. वहीं लोजपा नेता शिवाजी सिंह ने कहा कि क्षेत्र के श्रद्धालु बड़ी आस्था के साथ अरेराज दर्शन के लिए निकले हैं और प्रशासन का सहयोग सराहनीय है.
ये भी पढ़ें: बगहा: बॉम्बे बाजार में दुर्गापूजा की भव्य तैयारी, जलजमाव से मुक्ति के लिए नगर परिषद कराएगा पानी निकासी
