Sheohar Mobile Theft News: शिवहर शहर के सब्जी मंडी में शुक्रवार शाम मोबाइल चोरी की कोशिश कर रहे एक युवक को लोगों ने रंगे हाथ पकड़ लिया. भीड़ ने आरोपी की पिटाई करने के बजाय उसे पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस अब उससे पूछताछ कर पूरे मामले की जांच कर रही है.
घटना के बाद बाजार में काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही.
भीड़ का फायदा उठाकर मोबाइल चोरी की कोशिश
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 6:15 बजे वार्ड संख्या-15 निवासी रामनरेश ठाकुर सब्जी खरीद रहे थे. इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर एक युवक ने कथित तौर पर उनकी शर्ट की जेब से मोबाइल निकालने की कोशिश की.
रामनरेश ठाकुर को संदिग्ध हरकत का एहसास हुआ तो उन्होंने तुरंत युवक को दौड़ाकर पकड़ लिया.
लोगों ने पुलिस के हवाले किया
आरोपी के पकड़े जाने के बाद मौके पर काफी संख्या में लोग जुट गए. स्थानीय लोगों ने उसे पीटने के बजाय बाजार ठेकेदार हरिकांत गुप्ता के पास ले जाकर नगर थाना पुलिस को सूचना दी.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी.
पूछताछ में अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े होने का दावा
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम कुर्बान खान बताया. उसने खुद को झारखंड के तीन पहाड़ का निवासी और इस्तेहार अहमद का पुत्र बताया.
पूछताछ में आरोपी ने यह भी दावा किया कि उसे शिवहर जिले के नयागांव निवासी मुन्ना खां मोबाइल चोरी के लिए यहां लेकर आया था.
आरोपी ने गिरोह के अन्य सदस्यों का भी किया जिक्र
आरोपी ने पूछताछ में यह भी दावा किया कि उसके साथ गिरोह के अन्य सदस्य भी बाजार में मौजूद थे.
उसके अनुसार, यह एक मोबाइल चोरी करने वाला गिरोह है, जिसके कई सदस्य अलग-अलग जगहों पर सक्रिय रहते हैं. हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी.
पुलिस कर रही है जांच
पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है.
अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने और साक्ष्य मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
