Sheohar News: जिला मुख्यालय स्थित एएनएम स्कूल में रविवार को प्राचार्य विनोद कुमार के नेतृत्व में 'नशामुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान' के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को नशा मुक्ति के प्रति जागरूक करना, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा विकसित भारत के निर्माण में उनकी सकारात्मक भागीदारी सुनिश्चित करना था.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव संबोधन दिखाया गया
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का लाइव वेबकास्ट दिखाया गया. प्रधानमंत्री ने युवाओं से नशे के दुष्प्रभावों से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा परिवार और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया. उन्होंने विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भूमिका पर भी जोर दिया.
छात्राओं ने ली नशा मुक्ति की शपथ
प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद विद्यालय की सभी छात्राओं एवं शिक्षकों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई. सभी ने संकल्प लिया कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहेंगे और परिवार, विद्यालय तथा समाज में भी लोगों को नशा मुक्ति के प्रति जागरूक करेंगे.
स्वास्थ्य कर्मियों की भूमिका पर हुई चर्चा
कार्यक्रम के दौरान नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की गई. छात्राओं को बताया गया कि भविष्य के स्वास्थ्य कर्मी के रूप में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी और वे समुदाय में स्वास्थ्य शिक्षा एवं नशा मुक्ति अभियान के माध्यम से लोगों को जागरूक कर सकती हैं.
छात्राओं ने उत्साहपूर्वक लिया भाग
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं सभी छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. प्रतिभागियों ने कार्यक्रम को उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया.
यह भी पढ़ें: पहली बार पटना पहुंचे सनी देओल, बोले- बिहार मेरे लिए खास, अब 'सम्राट अशोक' पर बनाना चाहता हूं फिल्म
