संभावित बाढ़ को लेकर शिवहर में हाई अलर्ट, जानिए प्रशासन ने क्या-क्या कहा?

शिवहर जिला प्रशासन ने नेपाल में लगातार बारिश और संभावित बाढ़ को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. डीएम प्रतिभा रानी ने कहा कि जिला प्रशासन किसी भी आपदा से निपटने के लिए तैयार है, लेकिन आम लोगों की जागरूकता भी महत्वपूर्ण है.

Sheohar Flood Alert: नेपाल में लगातार बारिश और संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए शिवहर जिला प्रशासन ने लोगों से पूरी सतर्कता बरतने की अपील की है. डीएम प्रतिभा रानी ने कहा कि जिला प्रशासन हर प्रकार की प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है, लेकिन आम लोगों की जागरूकता और सावधानी भी बेहद जरूरी है.

जलजमाव और खतरनाक स्थानों से रहें सावधान

डीएम ने कहा कि जलजमाव वाले क्षेत्रों, गहरे गड्ढों और अन्य खतरनाक स्थानों की पहचान कर वहां चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं. ग्राम पंचायतों को निर्देश दिया गया है कि मंदिर, मस्जिद और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर लगे लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को संभावित खतरे की जानकारी दी जाए.

घाटों पर बरतें विशेष सावधानी

प्रशासन ने सभी खतरनाक नदी घाटों और जलाशयों की पहचान कर वहां चेतावनी चिन्ह लगाने के निर्देश दिए हैं. लोगों से अपील की गई है कि नदी, तालाब या पोखर में उतरने से पहले पानी की गहराई का आकलन जरूर करें. वहीं परिचालन वाले घाटों पर चढ़ने-उतरने के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतें.

डूबने की स्थिति में क्या करें?

डीएम प्रतिभा रानी ने कहा कि यदि किसी गांव या टोले में डूबने जैसी घटना होती है तो स्थानीय लोग तुरंत एकजुट होकर संवेदनशील स्थानों की पहचान करें और बचाव कार्य शुरू करें. डूब रहे व्यक्ति को बचाने के लिए रस्सी, बांस, धोती या साड़ी जैसी वस्तुओं का इस्तेमाल करें. यदि तैरना नहीं आता है तो खुद पानी में उतरने की बजाय शोर मचाकर आसपास के लोगों और प्रशासन से मदद लें.

प्रशासन ने लोगों से की अपील

डीएम ने कहा कि आपदा के समय अफवाहों से बचें और केवल प्रशासन द्वारा जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करें. किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तुरंत संबंधित अधिकारियों या आपदा नियंत्रण कक्ष को दें, ताकि समय रहते राहत और बचाव कार्य किया जा सके.

यह भी पढे़ं: Weather: बिहार में भारी बारिश के साथ वज्रपात की चेतावनी, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >