Sheohar News: शिवहर. जिला मुख्यालय स्थित जननायक कर्पूरी ठाकुर छात्रावास में विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. डीएम प्रतिभा रानी और एसपी शैलेन्द्र सिंह समेत अधिकारियों ने छात्रों से सीधे संवाद कर उनकी शैक्षणिक, आवासीय और बुनियादी समस्याओं को सुना. छात्रों की शिकायतों पर डीएम ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए.
राशन, बिजली और कॉलेज की समस्याएं छात्रों ने उठाईं
शिविर में छात्रों ने मुख्य रूप से राशन, बिजली, खेलकूद और कॉलेज से जुड़ी समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखा. डीएम ने कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा.
छात्रों की शिकायतों पर संबंधित पदाधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया.
छात्रावास में बनेगी आधुनिक लाइब्रेरी
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और नियमित अध्ययन में छात्रों को सुविधा देने के लिए छात्रावास परिसर में आधुनिक और सर्वसुविधायुक्त पुस्तकालय स्थापित करने का निर्देश दिया गया.
डीएम ने पुस्तकालय में पर्याप्त संख्या में उपयोगी किताबें उपलब्ध कराने को भी कहा, ताकि छात्रों को पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल मिल सके.
चार से छह महीने से राशन में देरी की शिकायत
छात्रों ने पिछले चार से छह महीनों से राशन मिलने में हो रही देरी की शिकायत की. मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने एसएफसी को अविलंब राशन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.
गैस की समस्या को लेकर भी त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए. छात्रों ने गैस सिलेंडर के लिए 180 रुपये की समस्या बतायी थी.
बिजली समस्या दूर करने के लिए सोलर सिस्टम
छात्रावास में बिजली की समस्या को देखते हुए संबंधित विद्युत विभाग को वैकल्पिक ऊर्जा स्रोत के रूप में सोलर सिस्टम की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.
इसके साथ ही छात्रों के स्वास्थ्य और शारीरिक विकास को ध्यान में रखते हुए मच्छरदानी और खेलकूद की सामग्री जल्द उपलब्ध कराने को कहा गया.
हर महीने छात्रावास में लगेगा मेडिकल कैंप
छात्रों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए सिविल सर्जन डॉ. आरके सिंह को प्रत्येक माह के प्रथम मंगलवार को छात्रावास परिसर में मेडिकल कैंप आयोजित करने का निर्देश दिया गया.
इससे छात्रों को नियमित स्वास्थ्य जांच और आवश्यक चिकित्सकीय सलाह मिल सकेगी.
कॉलेज आने-जाने के लिए रोजाना चलेगी विशेष बस
पॉलिटेक्निक कॉलेज तक जाने वाली सड़क की समस्या और कक्षाओं के सुचारू संचालन को लेकर भी छात्रों ने अपनी परेशानी बतायी. अधिकारियों ने सड़क निर्माण/मरम्मत और कॉलेज से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया.
छात्रों के कॉलेज आने-जाने की परेशानी को देखते हुए प्रतिदिन विशेष बस सेवा शुरू करने का निर्णय लिया गया.
साफ-सफाई और फॉगिंग के भी निर्देश
नगर परिषद को छात्रावास परिसर और आसपास नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. साथ ही फॉगिंग और कीट-नियंत्रण अभियान चलाने को भी कहा गया.
सुरक्षा और प्रशासनिक सुविधा के लिए सभी अध्ययनरत छात्रों को आधिकारिक पहचान पत्र जारी करने की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया.
यह भी पढ़ें: बेतिया के शहीद पार्क का बदलेगा पूरा लुक, 53 लाख से होगा कायाकल्प, जानें क्या-क्या बदलेगा
