Sheohar News: डुमरी कटसरी की 3 पंचायतें 3 माह में बनेंगी बाल श्रम मुक्त, मनरेगा सभागार में बनी रणनीति

शेओहर के डुमरी कटसरी प्रखंड में बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक में 3 पंचायतों को 3 माह के भीतर बाल श्रम मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है. इस हेतु घर-घर सर्वे, बच्चों का स्कूल में नामांकन और जागरूकता अभियान चलाया जाएगा.

Sheohar News: डुमरी कटसरी प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित मनरेगा सभा कक्ष में प्रखंड स्तरीय बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में बाल अधिकारों की सुरक्षा, बाल श्रम, बाल विवाह और मानव/बाल दुर्व्यापार (तस्करी) की रोकथाम पर गंभीर मंथन किया गया. इसके साथ ही जरूरतमंद बच्चों व उनके परिवारों को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से आच्छादित करने को लेकर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई.

3 पंचायतों को 3 माह में बाल श्रम मुक्त बनाने का लक्ष्य

बैठक में डुमरी कटसरी प्रखंड की तीन प्रमुख पंचायतों—जहांगीरपुर, मकसूदपुर कररिया एवं रोहुआ को अगले तीन महीने के भीतर पूर्ण रूप से 'बाल श्रम मुक्त पंचायत' बनाने का कड़ा लक्ष्य निर्धारित किया गया.

इसके लिए समयबद्ध कार्ययोजना बनाई गई है, जिसके तहत निर्धारित अवधि में सघन अभियान चलाकर इन पंचायतों को औपचारिक रूप से बाल श्रम मुक्त घोषित किया जाएगा.

घर-घर सर्वे और बच्चों को स्कूल से जोड़ने की संयुक्त पहल

इस अभियान को सफल बनाने के लिए श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी (LEO) चंद्र नाथ राम के नेतृत्व में अदिथी कवच परियोजना की टीम और पंचायत स्तरीय समितियां संयुक्त रूप से कार्य करेंगी.

टीम द्वारा पंचायतों में घर-घर संपर्क, संभावित बाल श्रमिकों का चिह्नीकरण, अभिभावकों की काउंसलिंग, बच्चों का स्कूलों में अनिवार्य नामांकन और पात्र परिवारों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन व राशन जैसी योजनाओं से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जाएगा. इसके साथ ही पंचायतों व विद्यालयों में बाल विवाह और दुर्व्यापार के खिलाफ व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा.

बाल श्रम की रोकथाम सुरक्षित भविष्य का संकल्प: बीडीओ

प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) अरुण कुमार सिंह ने कहा कि बाल श्रम की रोकथाम बच्चों के मौलिक अधिकारों और उनके सुरक्षित भविष्य से जुड़ा संवेदनशील दायित्व है.

उन्होंने कहा कि प्रशासन, जनप्रतिनिधि, विद्यालय, आंगनबाड़ी और समुदाय के समन्वित सहयोग से बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा ताकि कोई भी बच्चा अपने अधिकारों से वंचित न रहे.

बैठक में ये प्रमुख लोग रहे उपस्थित

बैठक में प्रखंड प्रमुख सरिता देवी, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी चंद्र नाथ राम, बीपीआरओ रवि शंकर कुमार, प्रभारी बीईओ चंदन कुमार, अदिथी कवच परियोजना के विशेषज्ञ मुकुंद कुमार चौधरी, शिवम कुमार, सब इंस्पेक्टर मोतीलाल राम, जहांगीरपुर मुखिया रवि कुमार, रोहुआ मुखिया मुन्नी देवी, पंचायत सचिव चन्देश्वर कुमार, राम दयाल साह, अगंध कुमार, महिला पर्यवेक्षिका ज्योति कुमारी, कविता कुमारी, समाजसेवी रूपेश कुमार सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि व सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे.



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sujeet kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >