Sheohar News: शिवहर. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को वर्चुअल कार्यक्रम के माध्यम से राज्य के 700 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल विद्यालयों में उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘बिहार विद्या साथी’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया. इसके तहत शिवहर जिले के सभी 8 सरस्वती विद्या निकेतन विद्यालयों के कक्षा 9 से 12 तक के छात्र-छात्राओं को डिजिटल शिक्षा से जोड़ा जाएगा. कार्यक्रम को लेकर डीएम प्रतिभा रानी की अध्यक्षता में समाहरणालय के संवाद कक्ष में भी कार्यक्रम आयोजित किया गया.
शिवहर के 8 मॉडल स्कूलों के छात्रों को मिलेगा लाभ
डीएम प्रतिभा रानी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी दुर्गा प्रसाद यादव को जिले के सभी 8 सरस्वती विद्या निकेतन विद्यालयों के विद्यार्थियों और अभिभावकों के बीच फोलो ऐप के लाभों को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया.
डीएम ने कहा कि अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इस असीमित और नि:शुल्क डिजिटल शिक्षा सुविधा का लाभ मिलना चाहिए.
24x7 लाइव शिक्षक की मिलेगी सुविधा
‘बिहार विद्या साथी’ कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को फोलो ऐप के माध्यम से दिन-रात किसी भी समय लाइव शिक्षकों की नि:शुल्क सुविधा मिलेगी.
विद्यार्थी अपनी सुविधा और समझ के अनुसार पसंद के शिक्षक से पढ़ सकेंगे. पढ़ाई के दौरान किसी प्रश्न या समस्या का समाधान भी उन्हें नि:शुल्क और तत्काल उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गयी है.
AI से होगी पढ़ाई, NEET-JEE की भी तैयारी
फोलो ऐप में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI टूल्स की सुविधा भी उपलब्ध होगी. इसके माध्यम से विद्यार्थियों को विषयों की गहरी और स्पष्ट समझ विकसित करने में मदद मिलेगी.
यह प्लेटफॉर्म कक्षा 9 से 12 के पाठ्यक्रम के साथ-साथ NEET, JEE और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी मार्गदर्शन उपलब्ध कराएगा.
सरस्वती विद्या मंदिर कुशहर की छात्राएं भी ऑनलाइन जुड़ीं
कार्यक्रम के दौरान सरस्वती विद्या मंदिर कुशहर की छात्राओं ने भी ऑनलाइन जुड़कर बिहार विद्या साथी कार्यक्रम की जानकारी प्राप्त की.
इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को घर बैठे गुणवत्तापूर्ण डिजिटल शिक्षा उपलब्ध कराने और पढ़ाई से जुड़ी समस्याओं का समाधान आसान बनाने पर जोर दिया जा रहा है.
यह भी पढ़ें: दुकान बंद कर घर लौट रहा था ज्वेलर, रास्ते में अपराधियों ने पिस्टल दिखाकर लूटा जेवरात भरा बैग
