Sheohar News: कृषि विभाग, बिहार सरकार द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए सब मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन (एसएमएएम) योजना के अंतर्गत शिवहर जिले को विभिन्न योजनाओं का भौतिक एवं वित्तीय लक्ष्य प्राप्त हुआ है. जिला कृषि अभियंत्रण के उप निदेशक ईं. नवीन कुमार नवनीत ने बताया कि इस योजना के तहत जिले के 759 किसानों को कृषि यंत्रों पर अनुदान का लाभ दिया जाएगा. ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया जल्द शुरू होने वाली है.
759 किसानों को मिलेगा अनुदान
उप निदेशक ईं. नवीन कुमार नवनीत ने बताया कि योजना के तहत तीन प्रगतिशील किसानों को कस्टम हायरिंग सेंटर, एक प्रगतिशील कृषक समूह को कृषि यंत्र बैंक तथा पांच प्रगतिशील कृषक समूहों को कृषि ड्रोन पर अनुदान सहायता देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. योजना का उद्देश्य कृषि कार्यों में यंत्रीकरण बढ़ाकर किसानों की लागत कम करना तथा उत्पादन एवं आय में वृद्धि करना है.
ऑनलाइन आवेदन जल्द होगा शुरू
उन्होंने बताया कि इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए ओएफएमएएस पोर्टल (https://farmech.bihar.gov.in) पर ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शीघ्र शुरू होगी. इच्छुक किसानों से अभी से आवश्यक तैयारियां पूरी करने की अपील की गई है, ताकि आवेदन शुरू होते ही वे समय पर पंजीकरण कर सकें.
फार्मर रजिस्ट्री और लगान रसीद अपडेट कराने की अपील
कृषि विभाग ने किसानों से अपनी जमीन की लगान रसीद अद्यतन कराने तथा फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य रूप से पूर्ण करने की अपील की है. अधिकारियों ने बताया कि फार्मर रजिस्ट्री के लिए किसान अपने पंचायत के कृषि समन्वयक अथवा किसान सलाहकार से संपर्क कर सकते हैं.
आधुनिक कृषि अपनाने का दिया संदेश
उप निदेशक ने कहा कि किसान समय पर ऑनलाइन आवेदन कर योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाएं तथा आधुनिक कृषि यंत्रों को अपनाकर खेती को अधिक लाभकारी और उन्नत बनाएं. उन्होंने बताया कि किसान अपने एंड्रॉयड मोबाइल में "बिहार कृषि ऐप" डाउनलोड कर योजनाओं से जुड़ी विस्तृत जानकारी भी प्राप्त कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें: सावन में मेहंदी और हरी चूड़ियों का महत्व, भगवान शिव की आराधना से जुड़ी है मान्यता
