तैयारी. डीएम व एसपी ने सामाजिक संगठनों, युवा संगठनों की बैठक में चेताया
शिवहर : समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में डीएम राजकुमार की अध्यक्षता व पुलिस कप्तान प्रकाश नाथ मिश्र के मौजूदगी में नगर पंचायत चुनाव को लेकर विधि व्यवस्था संधारण व शांति पूर्ण चुनाव संपन्न कराने को लेकर एक बैठक आयोजित की गयी.
इसमें शिवहर के क्रियाशिल सामाजिक संगठन संघर्षशील अधिकार मंच जन जागरण मंच, यूथ क्लब व अन्य युवा संगठनों व मीडिया कर्मी ने भाग लिया. मौके पर डीएम व एसपी ने कहा कि नगर पंचायत चुनाव को लेकर प्रशासनिक पदाधिकारियों की सोशल मीडिया पर चौकस नजर रहेगी. ऐसे में लोग स्वयं किसी भी तरह के शांति व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव डालने वाले पोस्ट से बचें.
वही दूसरों को भी अवांछित पोस्ट नहीं करने के लिए प्रेरित करें. कहा कि शांति व्यवस्था को भंग करने वाले किसी भी पोस्ट पर कार्रवाई तय है. चेतावनी देते हुए कहा कि आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन संबंधी किसी भी पोस्ट के लिए भी विधि सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जायेगी. दोनों प्रशासनिक पदाधिकारियों ने कहा कि नगर पंचायत चुनाव को लेकर विधि व्यवस्था, सामाजिक सौहार्द
, स्थानीय व अन्य विषयों समेत मुख्य रूप से सोशल मीडिया के विभिन्न रूप वाट्स एप,फेस बुक, इंस्टाग्राम, ट्वीटर व अन्य के दुरुपयोग के संभावना की बात से इनकार नहीं किया जा सकता है. ऐसे सोशल मीडिया के दुरुपयोग की स्थिति में कार्रवाई का निर्णय लिया गया है.
चेतावनी देते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर कोई भी सूचना, फोटो या विवरण एक दूसरे को सार्वजनिक मंच पर नहीं भेजे. जब तक की उसकी सच्चाई से अवगत नहीं हो. सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले, तनाव पैदा करने वाले, विवादास्पद विषय पर कोई भी फोटो,संदेश या वीडियो भेजने पर कार्रवाई तय होगी. इस तरह की किसी भी तरह की सूचना डाले जाने पर प्रशासन सबसे पहले ग्रुप एडमिन को घेरेगा.
दोनों पदाधिकारियों ने साफ शब्दों में कहा कि नया ग्रुप बनाने व किसी को ग्रुप में जोड़ने से पहले सुनिश्चित कर लें कि आप उक्त व्यक्ति को जानते हैं.
ग्रुप एडमिन में हड़कंप: डीएम व एसपी के सोशल मीडिया के दुरुपयोग पर कार्रवाई की चेतावनी के बाद ग्रुप एडमिन में हड़कंप हैं. ग्रुप के द्वारा सदस्यों से पूरी जानकारी के साथ नाम पता की मांग की जा रही है.
जानकारी नहीं उपलब्ध कराने वाले सदस्यों को ग्रुप से हटाया जाने लगा है.
