दहेज के लिए विवाहिता की हत्या, पति सहित छह पर प्राथमिक

चेनारी थाना क्षेत्र के छोटकी केनार गांव का मामला

चेनारी. चेनारी थाना क्षेत्र के छोटकी केनार गांव में एक विवाहिता की हत्या कर परिजनों को सूचना दिये बिना शव जलाने के मामले में चेनारी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. प्राथमिकी में पति सहित सात लोगों को आरोपित किया गया है. जानकारी के अनुसार करहगर थाना क्षेत्र के समाहुता गांव निवासी कृष्णा साह ने अपनी पुत्री खुशबू कुमारी की शादी वर्ष 2020 में हिंदू रीति-रिवाज से चेनारी थाना क्षेत्र के छोटकी केनार निवासी स्वर्गीय रामेश्वर शाह के पुत्र विकास कुमार से की थी. मृतिका के चचेरे भाई गौतम कुमार ने चेनारी थाने में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करायी है. आवेदन में कहा गया है कि शादी के कुछ दिनों तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन लगभग दो वर्ष बाद पति विकास कुमार द्वारा खुशबू कुमारी के साथ मारपीट शुरू कर दी गयी और मायके से पैसे की मांग को लेकर दबाव बनाया जाने लगा. इस विवाद को लेकर स्थानीय लोगों द्वारा मौखिक समझौता भी कराया गया, लेकिन कुछ दिनों बाद पति और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों ने फिर से मारपीट शुरू कर दी. इस संबंध में शादी के अगुआ कामता साह को भी जानकारी दी गयी, जिनके द्वारा समझौता कराया गया था, लेकिन ससुराल पक्ष पैसे की मांग पर अड़ा रहा. आवेदन में आरोप लगाया गया है कि 19.01.2026 की रात्रि करीब 8:00 बजे कामता साह द्वारा दूरभाष पर सूचना दी गयी कि विकास कुमार ने खुशबू कुमारी की हत्या कर दी है और सासाराम सदर अस्पताल आने को कहा गया. परिजन जब सासाराम जा रहे थे, तभी पुनः सूचना दी गयी कि घर पर ही आ जाइये. आरोप है कि लगभग दो घंटे तक परिजनों को भ्रमित कर रखा गया और इसी दौरान शव को बिना दिखाये जला दिया गया. इस मामले में पति विकास कुमार के अलावा पप्पू साह, प्रभावती देवी, नीतू देवी, संगीता देवी, भीम साह और कामता साह को आरोपित बनाया गया है. सभी पर विवाहिता की हत्या, प्रताड़ना और बिना सूचना शव जलाने का आरोप है. इस संबंध में थानाध्यक्ष रंजन कुमार ने बताया कि मृतिका के चचेरे भाई गौतम कुमार के आवेदन पर पति सहित सात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है. दहेज में पैसे की मांग, मारपीट और बिना सूचना शव जलाने के आरोपों की जांच की जा रही है. सभी आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANCHDEV KUMAR

PANCHDEV KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >