Sasaram News : दिल्ली कैंट में रोहतास के कैडेटों का दिखा दम

दिल्ली कैंट में आयोजित ऑल इंडिया थल सैनिक शिविर में रोहतास के कैडेटों का दम दिखा.

सासाराम ऑफिस. दिल्ली कैंट में आयोजित ऑल इंडिया थल सैनिक शिविर में रोहतास के कैडेटों का दम दिखा. वहां से भाग लेकर लौटे 42 बिहार बटालियन एनसीसी के पांच कैडेटों का जबर्दस्त स्वागत किया गया. बटालियन ने मोमेंटो और पुरस्कार देकर उन्हें सम्मानित किया. सम्मान पाकर जहां कैडेटों के चेहरे गर्व से चमक उठे, वहीं अन्य कैडेटों में भी उत्साह की लहर दौड़ गयी. कमांडिंग ऑफिसर कर्नल धर्मेंद्र सिंह मालिक ने कहा कि इन कैडेटों ने सिर्फ बटालियन ही नहीं, बल्कि रोहतास और कैमूर जिले का नाम भी रोशन किया है. उन्होंने बताया कि थल सैनिक शिविर एनसीसी का सबसे बड़ा राष्ट्रीय कैंप है, जिसमें पूरे देश से चुनिंदा कैडेट शामिल होते हैं. हर साल दिल्ली कैंट में आयोजित यह शिविर एनसीसी की प्रतिष्ठा का प्रतीक माना जाता है. इस बार 42 बिहार बटालियन से जिन पांच कैडेटों ने थल सैनिक शिविर में हिस्सा लिया, उनमें रोहतास जिले के सासाराम लालगंज के रहने वाले संतोष कुमार सिंह की बेटी अनुप्रिया कुमारी के साथ कैमूर जिले के कुर्था भभुआ निवासी लाल बाबू सिंह की बेटी सुबल सिंह और कैमूर जिले के सिमरिया गांव निवासी रविंद्र सिंह की बेटी आंचल कुमारी ने भी बटालियन का परचम लहराया. इसके अलावा रोहतास जिले के इशारपुरा नोखा थाना क्षेत्र के रहने वाले मनोज कुमार के बेटे सौरभ कुमार ने भी शानदार प्रदर्शन किया. साथ ही एक और कैडेट ने दिल्ली कैंट में अपने हुनर का जलवा दिखाया. कैडेटों के इस प्रदर्शन से रोहतास और कैमूर दोनों जिलों में खुशी का माहौल है. अभिभावकों के साथ-साथ एनसीसी से जुड़े सभी अधिकारी व कैडेट गर्व महसूस कर रहे हैं. पिछले साल भी 42 बिहार बटालियन से चार कैडेट थल सैनिक शिविर में शामिल हुए थे और सात कैडेटों ने गणतंत्र दिवस परेड शिविर में भाग लिया था. लगातार मिल रही इन सफलताओं से बटालियन का कद और ऊंचा हुआ है और अब बाकी कैडेटों में भी आगे बढ़ने का जोश और आत्मविश्वास देखा जा रहा है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >