नावाडीह पुल के पास पश्चिमी संयोजक नहर में डूबी किशोरी, तलाश जारी
SASARAM NEWS.थाना क्षेत्र के नावाडीह पुल के पास पश्चिमी संयोजक नहर में रविवार को एक 13 वर्षीय किशोरी डूब गयी. जिसकी तलाश की जा रही है. किशोरी इंद्रपुरी थाने के नावाडीह भुईयां टोला निवासी विकास कुमार की पुत्री सलोनी कुमारी बतायी जा रही है. वह नहर में नहाने के दौरान डूब गयी.
By Vikash Kumar | Updated at :
नहाने के दौरान तीन बच्चियां नहर में डूबी, दो को ग्रामीणों ने बचाया
इंद्रपुरी.
थाना क्षेत्र के नावाडीह पुल के पास पश्चिमी संयोजक नहर में रविवार को एक 13 वर्षीय किशोरी डूब गयी. जिसकी तलाश की जा रही है. किशोरी इंद्रपुरी थाने के नावाडीह भुईयां टोला निवासी विकास कुमार की पुत्री सलोनी कुमारी बतायी जा रही है. वह नहर में नहाने के दौरान डूब गयी. जानकारी के अनुसार रविवार की दोपहर में तीन बच्चियां पश्चिमी संयोजक नहर में नहाने के लिए उतरी. नहर में नहाने के दौरान तीनों बच्चियां नहर के गहरे पानी में बहने लगी. जिसे देख ग्रामीणों ने तत्परता से दो बच्चियों को नहर के पानी से सही सलामत बाहर निकाल लिया. जबकि सलोनी नहीं मिली. इसकी सूचना स्थानीय ग्रामीण ने पुलिस प्रशासन को दी. मौके पर पहुंचे इंद्रपुरी थाने के एसआइ प्रदीप कुमार व संतोष कुमार सिंह ने बताया कि नहर में नहाने के दौरान एक बच्ची डूब गयी है. लोकल गोताखोर व ग्रामीणों के माध्यम से खोजबीन की जा रही है. एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया है. नहर में पानी की बहाव भी कम कराया गया है. इधर, परिजन किशोरी की तलाश में नहर तट पर जुटे हैं. किशोरी की मां संगीता देवी का रो-रो कर बुरा हाल है. किशोरी सलोनी घर में मां संगीता देवी, तीन बहन और एक भाई के साथ रहती थी. पिता विकास कुमार पंजाब के अंबाला में काम करते हैं. सलोनी प्राइवेट स्कूल नावाडीह में कक्षा चार में पढ़ाई करती है. वह तीन बहन व एक भाई में मांझिल है. रविवार की दोपहर वो अपनी छोटी बहन व गांव के एक बच्ची के साथ नहर में नहाने गयी थी.
एसडीआरएफ की टीम लोकल डेहरी अनुमंडल में होनी चाहिए : जिला पार्षद
डेहरी दक्षिणी के जिला पार्षद अजय कुमार कुशवाहा ने कहा कि शाहाबाद के डीआइजी डेहरी में बैठते हैं. यहां इंद्रपुरी बराज से सोन व पश्चिमी व पूर्वी सोन नहर निकली है. ऐसे में यहां डूबने की घटनाएं अक्सर होती रहती है. यहां आरा से एसडीआरएफ टीम बुलाया जाता है. यहां पर खोजबीन करने में समय लगता है. एसडीआरएफ की टीम लोकल डेहरी अनुमंडल में होनी चाहिए. आरा से टीम को आने में काफी समय लगता है. किसी भी अवस्था में पानी से निकलने में समय लगता है. इसको लेकर आम जनों में नाराजगी व रोष होती है .मौके पर भलुआड़ी पंचायत के सरपंच जगजीत सिंह उर्फ संजय सिंह भैसहा के सरपंच प्रतिनिधि श्रवण गुप्ता सहित सैकड़ों ग्रामीण थे.