Rohtas News : बिहार राज्य एड्स नियंत्रण सोसाइटी, पटना के निर्देश पर शनिवार को सासाराम के 10+2 हाईस्कूल, चौखंडी पथ में सघन एड्स जागरूकता अभियान चलाया गया. ‘एड्स का ज्ञान, बचाए जान, जन-जन को जगाना है, एड्स को भगाना है’ संदेश के तहत आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को एचआईवी/एड्स और यौन रोगों के कारण, लक्षण और बचाव के उपायों की जानकारी दी गयी.
छात्रों को एड्स से जुड़े भ्रम दूर करने की दी जानकारी
सूचना, शिक्षा एवं संचार माध्यम से आयोजित अभियान में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विद्यार्थियों को एचआईवी/एड्स से जुड़े भ्रम और भ्रांतियों से दूर रहने तथा सही जानकारी अपनाने के लिए प्रेरित किया. छात्रों को बताया गया कि जागरूकता और सावधानी के माध्यम से एचआईवी संक्रमण से बचाव संभव है. किसी भी तरह की शंका होने पर समय पर जांच और चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की गयी.
विद्यार्थियों ने पूछे HIV/एड्स से जुड़े सवाल
जागरूकता अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने एचआईवी/एड्स से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे. स्वास्थ्यकर्मियों ने छात्रों के सवालों का जवाब देकर बीमारी से संबंधित जरूरी जानकारी दी. कार्यक्रम में प्रधानाचार्य उमेश कुमार सिंह समेत विद्यालय के सभी शिक्षकों ने सहयोग किया.
छात्रों ने निकाली जागरूकता रैली
अभियान के तहत विद्यार्थियों ने एचआईवी/एड्स से बचाव और जागरूकता का संदेश देते हुए रैली भी निकाली. कार्यक्रम का संचालन जिला पर्यवेक्षक डॉ. धर्मदेव सिंह, राजेंद्र प्रसाद सिंह और प्रिया कुमारी ने किया.
सदर अस्पताल में रोज मुफ्त और गोपनीय HIV जांच
स्वास्थ्य विभाग की ओर से बताया गया कि सासाराम सदर अस्पताल के कमरा नंबर 10 स्थित आईसीटीसी केंद्र में प्रतिदिन मुफ्त और गोपनीय HIV जांच की सुविधा उपलब्ध है. जांच कराने वाले व्यक्ति की जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है.
समय पर जांच से संक्रमण का पता लगाने में मदद
स्वास्थ्यकर्मियों ने लोगों से अपील की कि एचआईवी/एड्स को लेकर किसी तरह का डर या संकोच न रखें. समय पर जांच कराने से संक्रमण की स्थिति का पता लगाने में मदद मिलती है और चिकित्सकीय सलाह के अनुसार आगे की देखभाल की जा सकती है. अभियान के दौरान जन-जन तक जागरूकता का संदेश पहुंचाने पर जोर दिया गया.
