Rohtas News : बिजली बिल से राहत पाने के साथ घर की छत को ऊर्जा उत्पादन का केंद्र बनाने की दिशा में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को लेकर नोखा नगर परिषद कार्यालय के सभाकक्ष में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. नगर परिषद सभापति राधेश्याम सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में सभी 25 वार्डों के पार्षद मौजूद रहे. कार्यक्रम में घरेलू उपभोक्ताओं को सोलर पैनल लगवाने की प्रक्रिया और सरकार की ओर से मिलने वाले अनुदान की जानकारी दी गई.
1 किलोवाट से 3 किलोवाट तक सोलर प्लांट पर मिलेगी सब्सिडी
विद्युत विभाग के कनीय विद्युत अभियंता अरविंद कुमार रमन ने बताया कि योजना के तहत घर की छत पर सोलर संयंत्र लगवाकर उपभोक्ता अपने बिजली खर्च को कम कर सकते हैं. केंद्र सरकार के अनुदान के अलावा बिहार सरकार की ओर से भी अतिरिक्त सहायता दी जा रही है.
उन्होंने बताया कि एक किलोवाट के सोलर संयंत्र पर केंद्र सरकार ₹30 हजार और राज्य सरकार ₹10 हजार, यानी कुल ₹40 हजार अनुदान मिलेगा. इसी तरह दो किलोवाट के संयंत्र पर केंद्र से ₹60 हजार और राज्य से ₹20 हजार, कुल ₹80 हजार की सहायता मिलेगी.
3 किलोवाट या उससे अधिक पर ₹98 हजार तक अनुदान
कनीय विद्युत अभियंता ने बताया कि तीन किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के सोलर संयंत्र पर केंद्र सरकार ₹78 हजार और बिहार सरकार ₹20 हजार की सहायता देगी. इस तरह उपभोक्ताओं को अधिकतम ₹98 हजार तक अनुदान मिल सकता है.
31 मार्च 2027 तक मिलेगा अतिरिक्त सब्सिडी का लाभ
बैठक में बताया गया कि बिहार सरकार की ओर से दिया जाने वाला अतिरिक्त अनुदान 31 मार्च 2027 तक उपलब्ध रहेगा. जेई ने उपभोक्ताओं से योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने और घरों को सौर ऊर्जा से जोड़ने की अपील की. उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा अपनाने से बिजली खर्च कम करने के साथ स्वच्छ ऊर्जा को भी बढ़ावा मिलेगा.
सभापति ने कहा- अधिक से अधिक परिवार उठाएं योजना का लाभ
नगर परिषद सभापति राधेश्याम सिंह ने कहा कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना लोगों के लिए काफी उपयोगी है. नगर क्षेत्र के अधिक से अधिक परिवार इस योजना का लाभ उठाकर अपने घर की छत पर सोलर पैनल लगवाएं. इससे बिजली बिल में कमी आएगी और सौर ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा.
बैठक में ये लोग रहे मौजूद
बैठक में उपसभापति धनजी सिंह, ब्रांड एंबेसडर राजेंद्र सिंह, जेई अमित कुमार, प्रधान लिपिक संजय कुमार और टैक्स दरोगा सत्यनारायण प्रसाद समेत नगर परिषद के अन्य कर्मी मौजूद रहे.
फोटो कैप्शन: नोखा नगर परिषद सभाकक्ष में पीएम सूर्य घर योजना की जानकारी देते कनीय विद्युत अभियंता अरविंद कुमार रमन व उपस्थित पार्षद.
