Sasaram News : हर घर तिरंगा अभियान के तहत श्री शंकर महाविद्यालय, सासाराम के एनएसएस स्वयंसेवकों ने तिरंगा रैली निकाली. रैली का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. नवीन कुमार ने हरी झंडी दिखाकर किया. इसमें 90 से अधिक एनएसएस स्वयंसेवकों ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक भाग लिया.
शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी तिरंगा रैली
रैली महाविद्यालय परिसर से निकलकर तकिया चौक, बाजार समिति, विश्वकर्मा मोड़, मुख्य बाजार और तिलेश्वर धाम मंदिर होते हुए पुनः महाविद्यालय परिसर पहुंची. इस दौरान स्वयंसेवकों ने वंदे मातरम्, भारत माता की जय और हर घर तिरंगा जैसे नारों के साथ देशभक्ति का संदेश दिया.
राहगीरों और दुकानदारों को किया जागरूक
तिरंगा रैली के दौरान एनएसएस स्वयंसेवकों ने राहगीरों और दुकानदारों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया. साथ ही लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और उसकी गरिमा बनाए रखने के प्रति भी जागरूक किया.
देशभक्ति की भावना जगाने वाला है हर घर तिरंगा अभियान
प्राचार्य डॉ. नवीन कुमार ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान देशभक्ति की भावना को मजबूत करने वाला राष्ट्रीय अभियान है. एनएसएस स्वयंसेवक समाज में जागरूकता फैलाने और लोगों को राष्ट्रीय अभियानों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं.
13 से 15 अगस्त तक तिरंगा फहराने की अपील
एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. कुंदन प्रसाद ने बताया कि रैली का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को 13 से 15 अगस्त तक अपने घरों पर गर्व के साथ तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करना है. रैली के समापन पर सभी स्वयंसेवकों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया. इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.
Also Read : नवादा में स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर हरिश्चंद्र स्टेडियम में परेड का अंतिम पूर्वाभ्यास
