Rohtas News : मां ताराचंडी धाम में आयोजित होने वाले श्रावणी मेला की तैयारियों को लेकर रविवार को जय मां ताराचंडी कमेटी की मेला व्यवस्था समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में मेले को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालु हितैषी बनाने के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई.
29 जुलाई को होगा श्रावणी मेला का उद्घाटन
बैठक की अध्यक्षता कमेटी के रवि रंजन सिंह उर्फ डिंपू सिंह ने की, जबकि महामंत्री महेंद्र प्रसाद साहू ने संचालन किया. बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के शुभ अवसर पर जिला प्रशासन के पदाधिकारियों द्वारा श्रावणी मेला का विधिवत उद्घाटन किया जाएगा.
श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष जोर
बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, पार्किंग, यातायात नियंत्रण और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई. साथ ही यह तय किया गया कि मेले के दौरान किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो, इसके लिए सभी सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी.
प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर होगा आयोजन
कमेटी के सदस्यों ने जिला प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर श्रावणी मेले को सफल और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने का संकल्प लिया. बैठक में व्यवस्था को लेकर आवश्यक सुझाव भी साझा किए गए.
बैठक में कई सदस्य रहे उपस्थित
बैठक में पूर्व विधायक जवाहर प्रसाद, कोषाध्यक्ष मुन्ना सोनी, मंत्री कमलेश महतो, राजेंद्र चौधरी, जितेंद्र तिवारी, अनिल कुशवाहा, अजय मिश्रा, सुशील सोनी, राम इकबाल, सरोज कुमार सहित कमेटी के कई सदस्य उपस्थित रहे. सभी ने श्रावणी मेले को सफल, सुरक्षित और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने का भरोसा दिलाया.
