रोहतास के शेरशाह कॉलेज में विद्यार्थी सहयोग शिविर, छात्रों की समस्याओं के त्वरित समाधान की दी गयी जानकारी

शेरशाह कॉलेज सासाराम में विद्यार्थी सहयोग शिविर आयोजित हुआ, जहाँ छात्रों को पोर्टल पर शिकायत दर्ज करने और समस्याओं के समाधान की विस्तृत जानकारी दी गई।

Rohtas News : आज मंगलवार को शेरशाह कॉलेज सासाराम में विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. इसका उद्देश्य छात्र-छात्राओं को उनकी समस्याओं एवं शिकायतों के त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए उपलब्ध व्यवस्था तथा विद्यार्थी सहयोग पोर्टल की जानकारी देना था. कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान से हुई. इसके बाद दीप प्रज्वलित कर शिविर का विधिवत शुभारंभ किया गया.

शिकायत दर्ज कराने का आसान माध्यम है पोर्टल

शिविर में बिहार सरकार के प्रतिनिधि के रूप में अपर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी रोहतास राजेश कुमार रावत और नगर थाना सासाराम के अवर निरीक्षक प्रिंस कुमार मिश्रा शामिल हुए. विशेष आमंत्रित सदस्य सह विद्यार्थी सहयोग पोर्टल के नोडल पदाधिकारी हिमांशु शेखर भी मौजूद रहे. कॉलेज के बर्सर सह एलएसडब्ल्यू विभागाध्यक्ष डॉ मुस्तफा नवाज ने स्वागत भाषण दिया.

छात्रों और प्रशासन के बीच संवाद का सेतु : प्राचार्य

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य प्रो. डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने की. अपने अध्यक्षीय संबोधन में उन्होंने कहा कि विद्यार्थी सहयोग शिविर केवल शिकायत दर्ज कराने का माध्यम नहीं है, बल्कि छात्रों और प्रशासन के बीच संवाद एवं विश्वास का सेतु है. छात्रों की समस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी समाधान कॉलेज की प्राथमिकता होनी चाहिए. उन्होंने छात्र-छात्राओं से बिना संकोच उचित माध्यम से अपनी समस्याएं रखने की अपील की.

पीपीटी के जरिए समझायी गयी पोर्टल की पूरी प्रक्रिया

विद्यार्थी सहयोग पोर्टल के नोडल पदाधिकारी हिमांशु शेखर ने पीपीटी के माध्यम से छात्रों को पोर्टल की विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने शिकायत दर्ज करने, उसके समाधान की प्रक्रिया और शिकायत की स्थिति की जानकारी प्राप्त करने के तरीके समझाये. उन्होंने विद्यार्थियों से पोर्टल का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की.

प्रशासनिक व्यवस्था की भी दी जानकारी

अपर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी राजेश कुमार रावत और अवर निरीक्षक प्रिंस कुमार मिश्रा ने भी छात्र-छात्राओं को संबोधित किया. उन्होंने समस्याओं के समाधान के लिए उपलब्ध प्रशासनिक व्यवस्था और शिकायतों के उचित माध्यम से निस्तारण की प्रक्रिया की जानकारी दी.

विद्यार्थियों ने उत्साह से लिया हिस्सा

शिविर में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विद्यार्थी सहयोग पोर्टल से जुड़ी अपनी जिज्ञासाओं एवं समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त की. कार्यक्रम का संचालन डॉ. सतीश कुमार वर्मा ने किया.

मौके पर डॉ. शिव विवेक, डॉ. केडी सिंह, प्रो. दीपक कुमार, प्रो. सूरज कुमार तिवारी, प्रो. अनुपम कुमार, प्रो. मनीषा कुमारी, प्रो. राजीव रंजन सिन्हा सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे. शिक्षकेतर कर्मचारियों में शिवकांत दुबे, अनमोल कुमार, वरुण कुमार, विक्की राज, मनीष कुमार, सौरभ कुमार और कुंदन कुमार आदि उपस्थित रहे. तकनीकी सहयोग धीरेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने दिया, जबकि फोटोग्राफी वीर बहादुर सिंह ने की. अंत में डॉ. राकेश कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया. कार्यक्रम का समापन राज्य गीत की प्रस्तुति के साथ हुआ.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >