sasaram Road Construction: वार्ड संख्या-26 के शेरगंज से पाटनगली होते हुए नवरत्न बाजार तक जाने वाले मुख्य मार्ग के निर्माण की मांग को लेकर भाजपा रोहतास के जिला प्रवक्ता रजनीश कुमार वर्मा ने विधायक प्रतिनिधि संदीप कुमार सोनी के माध्यम से सासाराम विधानसभा क्षेत्र की विधायक स्नेहलता को आवेदन सौंपा. आवेदन में पीसीसी सड़क एवं ढक्कनयुक्त नाली निर्माण कराने की मांग की गई है.
जर्जर सड़क से आवागमन में हो रही परेशानी
रजनीश कुमार वर्मा ने बताया कि यह मार्ग कई वर्षों से जर्जर स्थिति में है. बरसात के दिनों में सड़क पर जलजमाव और कीचड़ के कारण स्थानीय लोगों, विद्यार्थियों, मरीजों एवं बुजुर्गों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है.
खुले नालों से हादसे की आशंका
उन्होंने कहा कि सड़क किनारे खुले और गहरे नालों के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. कई दोपहिया वाहन चालक पहले भी हादसों का शिकार हो चुके हैं. ऐसे में जनहित को देखते हुए शीघ्र सड़क और नाली निर्माण कराया जाना आवश्यक है.
विधायक प्रतिनिधि ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
विधायक प्रतिनिधि संदीप कुमार सोनी ने आवेदन प्राप्त कर समस्या को प्राथमिकता के आधार पर विधायक के समक्ष रखने तथा आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया.
हजारों लोगों को मिलेगा लाभ
रजनीश कुमार वर्मा ने कहा कि शेरगंज–पाटनगली–नवरत्न बाजार मार्ग वार्ड संख्या-26 के हजारों लोगों के दैनिक आवागमन का प्रमुख रास्ता है. इसके निर्माण से वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान होगा और क्षेत्रवासियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी.
इसे भी पढ़े: बिहार के इन 24 जिलों में आज आंधी-तूफान के साथ बारिश का अलर्ट, IMD ने जारी की एडवाइजरी
