अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालयों में नामांकन शुरू, एक मई तक आवेदन का मौका

मेधा सूची के आधार पर चयन, छात्रों को आवास, भोजन सहित सभी सुविधाएं निःशुल्क

नौवीं और 11वीं में प्रवेश के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया जारी, 17 मई को परीक्षा मेधा सूची के आधार पर चयन, छात्रों को आवास, भोजन सहित सभी सुविधाएं निःशुल्क प्रतिनिधि, सासाराम ऑफिस अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, बिहार से शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए राज्य के विभिन्न अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालयों में नामांकन की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है. उप निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण, रोहतास ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को पत्र भेजकर इस संबंध में निर्देश दिया है, ताकि अधिक से अधिक पात्र छात्र-छात्राएं इसका लाभ उठा सकें. जारी निर्देश के अनुसार कटिहार, जमुई, नालंदा, मुजफ्फरपुर और कैमूर स्थित अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालयों में वर्ग नौवीं व 11वीं (कला और विज्ञान संकाय) में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन 01 मई 2026 तक लिया जायेगा. प्रवेश के लिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा 17 मई 2026 को आयोजित होगी, जबकि परीक्षा परिणाम 28 मई 2026 को प्रकाशित किया जायेगा. सफल अभ्यर्थियों का नामांकन एक जून से 6 जून 2026 तक किया जायेगा और नये सत्र की शुरुआत आठ जून 2026 से होगी. प्रवेश के लिए पात्रता निर्धारित करते हुए बताया गया है कि आवेदक बिहार के अल्पसंख्यक समुदाय जैसे मुस्लिम, सिख, ईसाई, बौद्ध, जैन एवं पारसी से होना चाहिए. वर्ग नौवीं में नामांकन के लिए अधिकतम आयु सीमा 16 वर्ष व वर्ग 11वीं के लिए 18 वर्ष निर्धारित है. साथ ही परिवार की वार्षिक आय छह लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए. चयन 100 अंकों की वस्तुनिष्ठ परीक्षा के आधार पर होगा और मेधा सूची के अनुसार प्रवेश दिया जायेगा. आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है, जिसमें अभ्यर्थियों को जाति, आय, निवास, शैक्षणिक प्रमाणपत्र, फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करना होगा. इसके बाद आवेदन का प्रिंटआउट जिला अल्पसंख्यक कल्याण कार्यालय में स्वयं या पंजीकृत डाक से जमा करना अनिवार्य है. स्कूलों में छात्र-छात्राओं को आवास, भोजन, वस्त्र, दवा, पुस्तकें और आधुनिक लैब सहित सभी सुविधाएं निःशुल्क प्रदान की जायेंगी. साथ ही 50 प्रतिशत सीटें बालिकाओं और 75 प्रतिशत सीटें ग्रामीण छात्र-छात्राओं के लिए आरक्षित रखी गयी हैं. विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि इस योजना की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचायी जाए, ताकि योग्य छात्र-छात्राएं समय पर आवेदन कर सकें.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Anurag sharan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >