दिनारा के स्कूलों में एसडीएम का औचक निरीक्षण, कम छात्र उपस्थिति और खराब भोजन पर जताई नाराजगी

Sasaram News : दिनारा प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों का अनुमंडल पदाधिकारी बिक्रमगंज दिलीप कुमार ने निरीक्षण किया. उन्होंने छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, शैक्षणिक व्यवस्था और मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया. शिक्षकों के आपसी विवाद का भी मौके पर समाधान कराया गया.

Sasaram News : अनुमंडल पदाधिकारी बिक्रमगंज दिलीप कुमार ने मंगलवार को दिनारा प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने शैक्षणिक व्यवस्था, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति और विद्यालयों में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया. अधिकारियों ने विद्यालयों की व्यवस्था को करीब से देखा और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए.

बिसी कला स्कूल में शिक्षकों के विवाद का कराया समाधान

निरीक्षण के क्रम में बिसी कला स्थित विद्यालय में शिक्षकों के बीच चल रहे विवाद की जानकारी मिलने पर एसडीएम ने मामले को गंभीरता से लिया. उन्होंने दोनों पक्षों से बातचीत कर विवाद का निवारण कराया. साथ ही शिक्षकों को आपसी समन्वय के साथ विद्यालय का शैक्षणिक माहौल बेहतर बनाए रखने का निर्देश दिया.

गुनसेज के विद्यालय में दर्ज संख्या के अनुपात में कम मिली उपस्थिति

एसडीएम ने उच्च माध्यमिक विद्यालय गुनसेज एवं मध्य विद्यालय गुनसेज का भी निरीक्षण किया. उच्च माध्यमिक विद्यालय में उपस्थिति पंजी में दर्ज छात्र-छात्राओं की संख्या के अनुपात में वास्तविक उपस्थिति कम पाई गई. इस पर एसडीएम ने प्रधानाध्यापक को छात्रों की नियमित एवं वास्तविक उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि विद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावी ढंग से संचालित हों और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले, इसे प्राथमिकता दी जाए.

Also Read : हिंदी दिवस पर रोहतास के शेरशाह महाविद्यालय में भाषा के सम्मान और प्रयोग पर जोर

मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता पर एसडीएम ने जताई नाराजगी

मध्य विद्यालय गुनसेज में मध्याह्न भोजन योजना की भी जांच की गई. निरीक्षण के दौरान भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं पाए जाने पर एसडीएम ने नाराजगी जताई. प्रधानाध्यापक को तत्काल सुधार करते हुए निर्धारित मानकों के अनुरूप स्वच्छ, पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन बच्चों को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया.

छात्र-छात्राओं से संवाद कर पढ़ाई की ली जानकारी

इसके बाद एसडीएम एवं जिला विकास पदाधिकारी, रोहतास ने रामलखन इंटरमीडिएट स्कूल तथा राजकीय मध्य विद्यालय बिसी कला का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद कर पढ़ाई और विद्यालय में मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली. बच्चों को नियमित विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने के साथ खेलकूद एवं रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया.

Also Read : रोहतास: समहुता में लगेगा सहयोग शिविर, DM समेत अधिकारी करेंगे जनता की समस्याओं का समाधान

लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

अधिकारियों ने विद्यालय प्रबंधन को स्पष्ट निर्देश दिया कि छात्र उपस्थिति, शिक्षा की गुणवत्ता और विद्यालय के अनुशासन में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. निरीक्षण के दौरान बीडीओ दिनारा समेत ग्रामीण एवं आमजन मौजूद रहे.

Also Read : रोहतास: अर्द्धवार्षिक परीक्षा में 90% बच्चे शामिल, दूसरे स्कूलों में लगायी गयी शिक्षकों की ड्यूटी

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संतोष चंद्रकांत

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >