प्रतिनिधि, संझौली. पर्यावरण को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से रोहतास जिले के संझौली प्रखंड में मनरेगा के तहत इस वर्ष बड़े स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाया जा रहा है. प्रखंड क्षेत्र की सभी छह पंचायतों में वर्ष 2026 के दौरान कुल 14,400 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.
हर पंचायत में 2,400 पौधे लगाने का लक्ष्य
मनरेगा प्रोग्राम पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार ने बताया कि प्रखंड की प्रत्येक पंचायत में 2,400 पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है. अब तक जुलाई माह के प्रथम सप्ताह तक कुल 7,800 पौधों का रोपण किया जा चुका है. अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है.
9 अगस्त के बाद फिर शुरू होगा पौधारोपण
प्रोग्राम पदाधिकारी ने बताया कि शेष पौधों का रोपण 9 अगस्त के बाद शुरू किया जाएगा. सरकार की गाइडलाइन के अनुसार कृषि कार्य को देखते हुए जुलाई माह के प्रथम सप्ताह से 9 अगस्त तक पौधारोपण का कार्य स्थगित रखने का निर्देश दिया गया है. निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद अभियान को दोबारा गति दी जाएगी.
