इन 18 केंद्रों पर होगी निगरानी, सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, हर पाली में शामिल होंगे 9,360 अभ्यर्थी

Sasaram News : मद्य निषेध सिपाही भर्ती परीक्षा में कड़ी सुरक्षा, जैमर, बायोमेट्रिक और उड़नदस्ता दल से होगी निगरानी.

सासाराम (रोहतास) से डॉ प्रमोद कुमार श्रीवास्तव की रिपोर्ट
Sasaram News : केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) द्वारा मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग में मद्य निषेध सिपाही के पदों पर नियुक्ति हेतु आयोजित होने वाली लिखित प्रतियोगिता परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय स्थित डीआरडीए सभागार में बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिलाधिकारी उदिता सिंह एवं पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने संयुक्त रूप से केंद्राधीक्षकों, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों तथा पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. जानकारी के अनुसार परीक्षा 14 जून एवं 17 जून 2026 को दो पालियों में आयोजित होगी. पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली अपराह्न 3 बजे से 5 बजे तक संचालित होगी. रोहतास जिले के सासाराम में इसके लिए कुल 18 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. प्रत्येक दिन दोनों पालियों में 9,360-9,360 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे.

बायोमेट्रिक सत्यापन और जैमर के बीच होगी परीक्षा

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों पर समय से पूर्व पहुंचने, अभ्यर्थियों की सघन फ्रिस्किंग कराने तथा केंद्रीय चयन पर्षद के सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. परीक्षा के निष्पक्ष संचालन के लिए प्रत्येक केंद्र पर स्टैटिक दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की तैनाती की गई है. इसके अतिरिक्त दोनों परीक्षा तिथियों के लिए 9-9 जोनल सह गश्ती दल दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी तथा उड़नदस्ता दल में 4 दंडाधिकारी एवं 4 पुलिस पदाधिकारी प्रतिनियुक्त किए गए हैं. परीक्षा केंद्रों पर फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी एवं अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति की व्यवस्था रहेगी. साथ ही सभी केंद्रों पर जैमर एवं पब्लिक एड्रेस सिस्टम भी उपलब्ध रहेगा. परीक्षा की निगरानी के लिए जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जिसका दूरभाष संख्या 06184-226072 एवं 06184-226093 निर्धारित किया गया है. जिलाधिकारी ने सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों को परीक्षा को पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने का निर्देश दिया. बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, नगर आयुक्त नगर निगम सासाराम सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे.

Also Read : सात निश्चय-3 योजना के तहत डिग्री कॉलेजों की तैयारी तेज, छात्र-छात्राओं को होगा लाभ, नौ प्रखंडों में खुलेंगे कॉलेज

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: YUVRAJ RATAN

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >