Sasaram News(सुजीत कुमार): रोहतास जिले के शिवसागर प्रखंड समेत आसपास के क्षेत्रों में भीषण गर्मी और तीखी धूप ने जनजीवन को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है. सोमवार को मौसम विभाग ने लोगों के मोबाइल पर संदेश (SMS) भेजकर सतर्क रहने की अपील की है. विभाग द्वारा जारी चेतावनी के अनुसार, शाम 4 बजे तक तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहने की संभावना जताई गई है. इसके साथ ही प्रशासन ने लोगों को लू और गर्म हवाओं (हीट वेव) से बचाव को लेकर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है.
दोपहर में सड़कों पर पसरा सन्नाटा, मजदूर और किसान बेहाल
सुबह से ही तीखी धूप और पछुआ गर्म हवाओं के कारण लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है. स्थिति यह है कि दोपहर होते-होते सड़कों, बाजारों और प्रमुख चौक-चौराहों पर सन्नाटा पसर जाता है. लोग केवल बेहद जरूरी काम होने पर ही सिर पर गमछा, टोपी या तौलिया बांधकर घरों से बाहर निकल रहे हैं. इस भीषण गर्मी की सबसे बड़ी मार दैनिक मजदूरों, किसानों, रिक्शा चालकों और राहगीरों पर पड़ रही है. गर्मी का असर खेती-किसानी पर भी साफ दिख रहा है. खेतों में काम करने वाले किसान अब केवल सुबह और शाम के समय ही निकल रहे हैं, जबकि दोपहर में खेतों में सन्नाटा पसरा रहता है. इसके अलावा पशुपालकों को भी मवेशियों के लिए पानी और चारे का इंतजाम करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
बिजली कटौती और पानी की किल्लत ने बढ़ाई मुसीबत, डॉक्टरों ने दी सलाह
गर्मी बढ़ने के साथ ही ग्रामीण इलाकों में बिजली और पानी की समस्या ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है. कई गांवों में बार-बार अघोषित बिजली कटौती होने से लोग उमस भरी गर्मी में तड़पने को मजबूर हैं. बिजली गुल रहने के कारण समरसेबल और मोटर नहीं चल पा रहे हैं, जिससे घरों में पेयजल का गंभीर संकट खड़ा हो गया है. इस मौसमी बदलाव के कारण छोटे बच्चों और बुजुर्गों की तबीयत बिगड़ने की शिकायतें भी लगातार सामने आ रही हैं. स्थानीय डॉक्टरों ने लोगों को अनावश्यक रूप से धूप में न निकलने, शरीर में पानी की कमी न होने देने के लिए अधिक से अधिक तरल पदार्थ का सेवन करने और हल्का भोजन करने की सलाह दी है.
Also Read:आरा में युवक का शव बगीचे से बरामद, परिजनों ने दोस्तों पर लगाया हत्या का आरोप
