Sasaram News (प्रमोद कुमार श्रीवास्तव): रोहतास जिले की शिवसागर थाना पुलिस को रंगदारी, मारपीट एवं सरेराह जानलेवा हमले के एक गंभीर मामले में बहुत बड़ी अंतरराज्यीय सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने शिवसागर थाना कांड संख्या 171/26 के तहत फरार चल रहे छह शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है. इसके साथ ही वारदात को अंजाम देने में इस्तेमाल की गई झारखंड नंबर की एक कीमती स्कॉर्पियो गाड़ी को भी पुलिस ने विधिवत जब्त कर लिया है. पुलिस इस कार्रवाई को हाइवे पर रंगदारी और वर्चस्व का खेल खेलने वाले सिंडिकेट के खिलाफ एक बड़ी चोट मान रही है.
सामान के पैसे मांगने पर दुकानदार को लाठी-रॉड से पीटा, टोल टैक्स पर मांगा था ‘टैक्स’
डेहरी स्थित पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय, रोहतास से जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह पूरी वारदात बीते 27 मई 2026 की रात करीब 11:30 बजे की है. शिवसागर थाना क्षेत्र अंतर्गत सासाराम टोल टैक्स के निकट बीएनएस (BNS) होटल के पास एनएच-2 के दक्षिण दिशा में मिट्टी भराई का निजी कार्य चल रहा था. इसी दौरान स्कॉर्पियो और कुछ अन्य वाहनों पर सवार होकर करीब 11 की संख्या में दबंग अपराधी वहां पहुंचे.
आरोपियों ने वहां स्थित एक दुकान से सामान लिया और जब पैसे मांगे गए, तो वे भड़क गए. पैसे देने का विरोध करने पर अपराधियों ने वहां मौजूद दीपक कुमार नाम के शख्स पर लाठी, डंडे और लोहे के रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गया. तस्करों ने पीड़ित को सरेआम धमकी देते हुए कहा कि सासाराम टोल टैक्स के आसपास के पूरे इलाके में उनका ही रंगदारी का वर्चस्व चलता है और बिना उन्हें ‘टैक्स’ (रंगदारी) दिए यहां कोई भी काम नहीं करने दिया जाएगा.
एसडीपीओ विप्लव कुमार के नेतृत्व में बनी एसआईटी; हिमाचल प्रदेश के मनाली में पुलिस ने डाला डेरा
हाइवे पर रंगदारी और जानलेवा हमले की इस सनसनीखेज वारदात के बाद रोहतास एसपी के कड़े निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) सासाराम-1 विप्लव कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम (SIT) का गठन किया गया था. पुलिस की तकनीकी विंग ने जब मोबाइल लोकेशन और वैज्ञानिक साक्ष्यों को खंगाला, तो पता चला कि आरोपी बिहार छोड़कर दूर राज्य भाग गए हैं.
तकनीकी इनपुट के आधार पर रोहतास पुलिस की विशेष टीम सीधे हिमाचल प्रदेश पहुंची. पुलिस ने वहां के सुप्रसिद्ध पर्यटन स्थल मनाली के समीप स्थित एक होटल में घेराबंदी की और घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन (संख्या- JH03A-5056) के साथ पांच मुख्य आरोपियों को रंगेहाथ दबोच लिया.
मनाली से गिरफ्तार हुए ये 5 आरोपी, शेष की तलाश में लगातार हो रही छापेमारी
हिमाचल प्रदेश के मनाली से गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रामांशु कुमार सिंह, कुमार शुभांबर उर्फ राजा सिंह, मोनू पाठक, अमित कुमार तथा रवि शेखर के रूप में की गई है. रोहतास पुलिस ने बताया कि इन 5 आरोपियों की दूर राज्य से गिरफ्तारी से ठीक पहले, इस कांड के एक अन्य नामजद अभियुक्त लालू तिवारी को भी स्थानीय स्तर से गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा जा चुका है. इस प्रकार अब तक कुल 6 आरोपी सलाखों के पीछे आ चुके हैं.
शिवसागर थाना पुलिस ने बताया कि इस वारदात में करीब 11 लोग शामिल थे, इसलिए कांड में संलिप्त शेष अन्य फरार अपराधियों की सटीक पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए भी संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है. रोहतास पुलिस ने कड़ा संदेश देते हुए कहा है कि जिले के भीतर अपराधियों, माफियाओं और हाइवे पर रंगदारी वसूलने वालों के विरुद्ध यह विशेष दंडात्मक अभियान आगे भी पूरी कड़ाई से जारी रहेगा.
इसे भी पढ़ें: पटना में NH किनारे बने अवैध ढाबों और पार्किंग पर चलेगा बुलडोजर, 15 दिनों में हटाने का DM का आदेश
