Sasaram News (मो. आरिफ खान) : रोहतास जिला मुख्यालय सासाराम के तकिया स्थित श्री शंकर उच्च स्कूल के खेल मैदान में खेल प्रेमियों का इंतजार रविवार को खत्म हो गया. यहां आयोजित 15वीं शंकर ट्रॉफी प्रीमियर लीग 2026 का भव्य और रंगारंग समापन रविवार को हुआ. खिताबी मुकाबले में अतुल इलेवन तिलौथू ने अपने हरफनमौला खेल की बदौलत वीआरएक्स स्पोर्ट्स क्लब गाजीपुर (उत्तर प्रदेश) को 71 रनों के करारे अंतर से शिकस्त देकर चमचमाती ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया. इस महामुकाबले के दौरान मैदान के चारों तरफ हजारों की संख्या में मौजूद खेल प्रेमियों ने चौके-छक्कों का जमकर लुत्फ उठाया और तालियां बजाकर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया.
जेल अधीक्षक और आरपीएफ इंस्पेक्टर ने किया पुरस्कृत, खेल जगत की कई हस्तियां रहीं मौजूद
टूर्नामेंट के समापन व पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सासाराम मंडल कारा के जेल अधीक्षक सुजीत कुमार राय एवं आरपीएफ (RPF) इंस्पेक्टर संजीव कुमार उपस्थित रहे. टूर्नामेंट आयोजन समिति के अध्यक्ष अरविंद सिंह ने अतिथियों को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंट कर उनका स्वागत किया.
इस गरिमामयी खेल समारोह में पूर्व नगर उपाध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह, पूर्व क्रिकेटर रणविजय सिंह, जगत प्रकाश मौर्य, डॉ. कामेश्वर सिंह पंकज, कालीचरण पासवान, विजय पांडेय, विनोद गुप्ता, पुनीत अग्रवाल, रवि कुमार, महेंद्र सिंह, मनीष कुमार, विकास कुमार, सोनू कुमार, जयवीर सिंह, विजय मेहता, अर्जुन कुमार, संतोष कुमार, अनूप कुमार, चंद्रशेखर पासवान, व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय कुमार, पैक्स अध्यक्ष छोटे लाल एवं जिला क्रिकेट संघ के सचिव सरोज कुमार सहित शाहाबाद क्षेत्र के कई गणमान्य लोग और खेल प्रेमी मुख्य रूप से मौजूद रहे.
तिलौथू ने खड़ा किया 135 रनों का स्कोर, गाजीपुर की टीम 64 रनों पर ही ढेर
फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अतुल इलेवन तिलौथू की शुरुआत शानदार रही. टीम ने निर्धारित 16 ओवरों के कोटे में 6 विकेट खोकर 135 रनों का एक चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया. 136 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वीआरएक्स स्पोर्ट्स क्लब गाजीपुर की टीम तिलौथू के गेंदबाजों की सटीक लाइन-लेंथ के आगे पूरी तरह बेबस नजर आई. गाजीपुर की पूरी टीम 16 ओवर खेलने के बाद 9 विकेट के नुकसान पर महज 64 रन ही बना सकी. नतीजतन, अतुल इलेवन तिलौथू ने 71 रनों की ऐतिहासिक और एकतरफा जीत दर्ज कर टूर्नामेंट अपने नाम कर लिया.
विजेता को 2 लाख और उपविजेता को मिले 1 लाख रुपये; अगले साल और भव्य होगा आयोजन
फाइनल मैच में तूफानी पारी खेलने वाले तिलौथू के बल्लेबाज दीपक कुमार को शानदार बल्लेबाजी के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया. वहीं, पूरे टूर्नामेंट में गेंद और बल्ले से उम्दा प्रदर्शन करने वाले ड्रैगन डायनेमो सासाराम के दीपक कुमार को ‘मैन ऑफ द सीरीज’ के प्रतिष्ठित पुरस्कार से नवाजा गया. इसके अलावा टूर्नामेंट में धारदार गेंदबाजी करने वाले ड्रैगन डायनेमो के शाकिब को ‘बेस्ट बॉलर’ और वीरू को ‘बेस्ट फील्डर’ का अवार्ड दिया गया.
फाइनल मैच में मुख्य अंपायर की भूमिका आजाद खान और संजू बाबा ने निभाई, जबकि ओम प्रकाश पांडेय ने मैच रेफरी के रूप में खेल को निष्पक्षता से संपन्न कराया. मुख्य अतिथियों द्वारा विजेता टीम अतुल इलेवन तिलौथू को चमचमाती विनर ट्रॉफी के साथ दो लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि और उपविजेता टीम गाजीपुर को रनर-अप ट्रॉफी के साथ एक लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया. अंत में आयोजन समिति के अध्यक्ष अरविंद सिंह ने सभी खिलाड़ियों, दर्शकों, पुलिस प्रशासन और कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए अगले वर्ष प्रतियोगिता को और भी भव्य डिजिटल स्वरूप में आयोजित करने का संकल्प लिया.
