SASARAM NEWS(संतोष चंद्रकांत): रोहतास जिला अंतर्गत बिक्रमगंज के काव नदी तट स्थित काशी घाट के समीप बुधवार को हुए सनसनीखेज गोलीकांड मामले में पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है. घटना के दूसरे दिन गुरुवार को एक्शन में आई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल एक मुख्य आरोपी को दबोच लिया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिक्रमगंज नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 22 निवासी आजाद कुरैशी के रूप में की गई है.
वर्चस्व की जंग में चली थीं आधा दर्जन गोलियां, इलाके में फैली थी दहशत
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार को काशी घाट के पास दो गुटों के बीच वर्चस्व को लेकर हिंसक झड़प हुई थी. देखते ही देखते विवाद इतना उग्र हो गया कि दोनों ओर से करीब आधा दर्जन राउंड गोलियां चलाई गईं. दिनदहाड़े हुई इस ताबड़तोड़ गोलीबारी की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और घाट के आस-पास अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया था. घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित कर मामले की छानबीन शुरू कर दी.
DSP ने संभाली कमान, बारात में हुई मारपीट से जुड़े हैं घटना के तार
गोलीकांड के बाद अपराधियों की धरपकड़ के लिए गुरुवार को बिक्रमगंज डीएसपी (DSP) सिंधु शेखर सिंह समेत कई वरिष्ठ पुलिस पदाधिकारियों ने खुद काशी घाट घटनास्थल का दौरा किया. पुलिस टीम ने मौके से गोलीबारी से जुड़े कई महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए और आस-पास के चश्मदीदों व दुकानदारों से गहन पूछताछ की.
थानाध्यक्ष का आधिकारिक बयान:
मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए बिक्रमगंज थानाध्यक्ष रंजन कुमार ने बताया कि काशी घाट गोलीबारी मामले की जड़ तीन दिन पहले की एक घटना से जुड़ी है. नगर के वार्ड संख्या 23 स्थित शिकरिया गांव में एक बारात आई थी, जिसमें किसी बात को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई थी. उसी विवाद को लेकर दोनों गुटों के बीच तनाव चरम पर था, जिसके परिणामस्वरूप बुधवार को काशी घाट पर वर्चस्व कायम करने के लिए गोलीबारी की गई.
6 आरोपियों की हुई पहचान, अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
थानाध्यक्ष रंजन कुमार ने आगे बताया कि पुलिस जांच और तकनीकी इनपुट के आधार पर अब तक दोनों पक्षों से कुल छह मुख्य आरोपियों के नामों की पुष्टि हो चुकी है. इनमें से एक आरोपी आजाद कुरैशी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिससे पूछताछ की जा रही है.
मामले में संलिप्त अन्य पांच फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं. पुलिस प्रशासन पूरे मामले पर पैनी नजर बनाए हुए है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त बढ़ा दी गई है.
Also Read: बक्सर में रोजगार और विकास की नई पहल , JK सीमेंट फैक्ट्री ने बदली इस गांव की पहचान
