SASARAM NEWS(रजी अहमद खान): रोहतास थाना क्षेत्र अंतर्गत रोहतास नगर पंचायत के पटखोलिया वार्ड संख्या सात में गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया. यहाँ खेत में काम करने के दौरान करंट की चपेट में आने से एक 40 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई. इस घटना के बाद से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है, वहीं बिजली विभाग की घोर लापरवाही को लेकर स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है. आक्रोशित लोगों ने ग्रिड पर धाबा बोलकर घंटों प्रदर्शन किया, जिससे पूरे इलाके की बिजली व्यवस्था ठप हो गई है.
लटकते तार की चपेट में आने से हुआ हादसा, अस्पताल ले जाने के दौरान तोड़ा दम
घटना के संबंध में मृतक के भाई गोरख पांडे ने रोहतास थाने में लिखित आवेदन देकर बिजली विभाग के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है. दर्ज आवेदन के अनुसार, पटखोलिया निवासी स्वर्गीय किशुन पांडे के 40 वर्षीय पुत्र बृज बिहारी पांडे गुरुवार की सुबह अपने मवेशियों के लिए खेत से चारा लेने गए थे. चारा लेकर घर लौटने के दौरान खेत में काफी नीचे तक लटक रहे हाई वोल्टेज बिजली के तार की चपेट में वह आ गए. जोरदार करंट लगने के कारण बृज बिहारी मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े. आनन-फानन में परिजन उन्हें इलाज के लिए प्राथमिक उप स्वास्थ्य केंद्र अकबरपुर लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक जांच के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया. हालांकि, अस्पताल ले जाने के क्रम में रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया.
शव के साथ समहुता ग्रिड का घेराव, डरकर भागे बिजली कर्मी
घटना के बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पोस्टमार्टम संपन्न होने के बाद परिजन और सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण शव को लेकर सीधे समहुता पावर ग्रिड पहुंच गए. ग्रामीणों ने शव को ग्रिड परिसर में रखकर बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी और मृतक के आश्रितों के लिए उचित मुआवजे की मांग पर अड़ गए. उग्र ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए समहुता ग्रिड से संचालित होने वाले रोहतास, नौहट्टा और चुटिया ग्रिड की बिजली आपूर्ति को जबरन बंद करा दिया. ग्रामीणों के भारी आक्रोश और उग्र भीड़ को देखते हुए ग्रिड में तैनात सभी बिजली कर्मी और अधिकारी अपनी ड्यूटी छोड़कर मौके से भाग खड़े हुए. बिजली बंद होने से कई प्रखंडों में ब्लैकआउट की स्थिति बन गई है.
मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी, समझाने का प्रयास जारी
ग्रिड बंद होने और भारी हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन तुरंत हरकत में आया. खबर लिखे जाने तक घटनास्थल पर अंचलाधिकारी (CO) सुश्री कुमारी एवं रोहतास थानाध्यक्ष ललन कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौजूद हैं. अधिकारी आक्रोशित ग्रामीणों को शांत कराने, बिजली आपूर्ति बहाल कराने और नियमानुसार सरकारी मुआवजा दिलाने का भरोसा देकर समझाने-बुझाने के प्रयास में जुटे हैं. लेकिन ग्रामीण मौके पर ही मुआवजे की ठोस पहल और लापरवाह कर्मियों पर कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं.
Also Read: बक्सर में रोजगार और विकास की नई पहल , JK सीमेंट फैक्ट्री ने बदली इस गांव की पहचान
