सासाराम में छत पर सो रहे दंपती की गोली मारकर हत्या, टॉर्च की रोशनी में नहीं दिखा हत्यारा, बाहर से बंद मिला घर का दरवाजा

सासाराम मुफस्सिल थाना क्षेत्र में एक भयानक वारदात हुई, जहां घर की छत पर सो रहे एक दंपती की गोली मारकर हत्या कर दी गई. बदमाशों ने पहले घर का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया था.

Sasaram Couple Shot on Roof While Sleeping : सासाराम मुफस्सिल थाना क्षेत्र में रविवार की देर रात बदमाशों ने घर की छत पर सो रहे दंपती की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना बेदा बस स्टैंड से पश्चिम नहर के पास की है. घटना में पति-पत्नी दोनों की मौत हो गई. मृतकों की पहचान ननकी देवी (40) और उनके पति मणि भूषण कुमार (45) के रूप में हुई है. मणि भूषण मूल रूप से पश्चिमी चंपारण के रहने वाले थे.

दरवाजे पर बाहर से लगा था सिक्कड़

मृतका के पुत्र अभिषेक कुमार ने बताया कि रविवार की रात करीब डेढ़ से दो बजे के बीच अचानक छत से गोली चलने की आवाज सुनाई दी. आवाज सुनकर जब वह कमरे से बाहर निकलने लगा तो दरवाजे पर बाहर से सिक्कड़ लगा हुआ था. इसी दौरान उसने एक व्यक्ति को छत से नीचे उतरते देखा. बदमाश ने अभिषेक की आंखों पर तेज टॉर्च की रोशनी डाल दी, जिसके कारण वह उसका चेहरा पहचान नहीं सका.

छत पर खून से लथपथ मिले दंपती

अभिषेक के शोर मचाने के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कमरे का दरवाजा खोला. इसके बाद लोग छत पर पहुंचे तो ननकी देवी और मणि भूषण खून से लथपथ पड़े मिले. दोनों की मौत हो चुकी थी. घटना के बाद मौके पर पहुंचे लोगों में भी दहशत का माहौल बन गया.

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

सासाराम एसडीपीओ-2 संजीव कुमार ने बताया कि अपराधियों ने पहले परिजनों को कमरे के अंदर बंद करने के लिए बाहर से सिक्कड़ लगा दी. इसके बाद छत पर सो रहे दंपती की गोली मारकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.

मणि भूषण ननकी देवी के दूसरे पति थे

जानकारी के अनुसार मणि भूषण कुमार ननकी देवी के दूसरे पति है. पांच वर्ष पहले ननकी देवी के पहले पति कृष्णा बिन्द की बीमारी से मौत हो गई थी. इसके बाद ननकी देवी और मणि भूषण दोनों पहले लिव-इन रिलेशनशिप में रहे और बाद में शादी कर ली. दोनों बेदा मोड़ के पास वेज कॉर्नर चलाते थे. ननकी देवी के चार बच्चे हैं. दोहरे हत्याकांड की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By जितेंद्र कुमार पासवान

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >