Sasaram CO Transfer : राज्य सरकार ने एक बार फिर बड़े पैमाने पर (Bihar Government Transfer Posting) अंचलाधिकारियों का तबादला किया है. विभाग ने राज्यभर के 102 अंचल अधिकारियों (CO), प्रभारी अंचल अधिकारियों और राजस्व अधिकारियों का तबादला कर दिया है. राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की अधिसूचना के अनुसार अधिसंख्य अंचलों में नए अधिकारी तैनात किए गए हैं. इसी कड़ी में रोहतास जिले के नोखा अंचल में भी बड़ा बदलाव किया गया है, जहां अंचलाधिकारी मधुसूदन चौरसिया का तबादला कर उन्हें कैमूर जिले के चांद अंचल भेज दिया गया है. वहीं अब नोखा अंचल की जिम्मेदारी पुष्पा कुमारी को सौंपी गई है, जो नए सीओ के रूप में पदभार संभालेंगी.
चौरसिया के ट्रांसफर से तेज हुई चर्चा
मधुसूदन चौरसिया का कार्यकाल नोखा में काफी सक्रिय और प्रभावी माना जाता रहा है. उन्होंने भूमि विवादों के निपटारे में तेजी दिखाई और कई लंबित मामलों को सुलझाने का प्रयास किया. राजस्व वसूली, दाखिल खारिज और परिमार्जन जैसे कार्यों में भी उन्होंने नियमित निगरानी रखी, जिससे कामकाज में गति आई. उनकी कार्यशैली की सबसे खास बात जनता दरबार रही, जहां वे सीधे लोगों की समस्याएं सुनते थे. इस पहल से आम लोगों को काफी राहत मिली और कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया. यही वजह है कि उनके अचानक तबादले के बाद स्थानीय स्तर पर तरह तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं.
Sasaram News : नई सीओ पुष्पा कुमारी के सामने बड़ी जिम्मेदारी
नोखा अंचल की कमान संभालने जा रही पुष्पा कुमारी के सामने कई चुनौतियां होंगी. क्षेत्र में भूमि विवाद और राजस्व से जुड़े कई मामले पहले से लंबित हैं. ऐसे में लोगों की उम्मीद है कि वे इन मामलों का तेजी से निष्पादन करेंगी और प्रशासनिक व्यवस्था को और बेहतर बनाएंगी.
स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि नई सीओ भी जनता दरबार की व्यवस्था को जारी रखती हैं, तो इससे आम नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे रखने का अवसर मिलेगा. साथ ही सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में भी तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है.
CO Transfer : जनप्रतिनिधियों ने दी शुभकामनाएं
इस प्रशासनिक बदलाव के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने दोनों अधिकारियों को नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दी हैं. मधुसूदन चौरसिया के कार्यकाल को सराहनीय बताते हुए उनके कामकाज की तारीफ की गई. वहीं पुष्पा कुमारी के स्वागत के साथ यह उम्मीद जताई गई कि वे क्षेत्र के विकास और प्रशासनिक सुधार में अहम भूमिका निभाएंगी.
नोखा अंचल में हुआ यह बदलाव प्रशासनिक स्तर पर बड़ा कदम माना जा रहा है. अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि नई सीओ के नेतृत्व में लंबित मामलों के निपटारे में कितनी तेजी आती है और आम जनता को कितनी राहत मिल पाती है.
